नई दिल्ली: आईपीएल 2024 का खिताब केकेआर ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में जीता। केकेआर की इस जीत में टीम के सभी खिलाड़ियों का योगदान रहा, लेकिन इस सीजन में टीम के मेंटर गौतम गंभीर ने जो सबसे बड़ा मास्टर स्ट्रोक खेला वो था सुनील नरेन से ओपनिंग करवाना। गंभीर ने टीम को जीत दिलाने के लिए जो रणनीति बनाई थी उनकी योजना का सबसे बड़ा हिस्सा नरेन रहे।
नरेन एक शानदार गेंदबाज तो हैं ही, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने डिसाइड किया कि उनकी जो बल्लेबाजी करने की काबिलियत है उसे आजमाया जाए और इसमें नरेन सफल रहे। हालांकि नरेन कुछ मौकों पर नहीं चल पाए, लेकिन ओवरऑल उनका प्रदर्शन तारीफ के काबिल रहा। उन्होंने केकेआर के लिए ना सिर्फ गेंदबाजी में बल्कि बल्लेबाजी में भी खूब योगदान दिया और फाइनल के बाद उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन चुना गया।
केकेआर ने 2012, 2014 और फिर 2024 में आईपीएल खिताब जीता और नरेन तीनों ही बार इस टीम की जीत का हिस्सा रहे। लंबे अरसे से केकेआर के साथ जुड़े नरेन इस सीजन में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर तो बने ही, लेकिन इससे पहले वो दो बार ये खिताब अपने नाम कर चुके थे। आईपीएल 2024 से पहले नरेन ने ये खिताब 2018 में और 2012 में भी जीता था। साल 2012 में केकेआर गंभीर की कप्तानी में पहली बार आईपीएल चैंपियन बनी थी।
सुनील नरेन आईपीएल 2024 में केकेआर की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने इस सीजन में खेले 15 मैचों की 14 पारियों में 180.74 की स्ट्राइक रेट के साथ 488 रन बनाए। इस सीजन में नरेन ने एक शतक और 3 अर्धशतकीय पारी खेली और उनका टॉप स्कोर 109 रन रहा। इस सीजन में नरेन के बल्ले से 50 चौके और 33 छक्के निकले। बल्लेबाजी में नरेन ने कमाल तो किया ही गेंदबाजी में भी उन्होंने टीम के लिए खूब सहयोग किया। उन्होंने 15 मैचों में 17 विकेट लिए और उनका बेस्ट प्रदर्शन 22 रन देकर 2 विकेट रहा।


