Badminton: त्रीसा और गायत्री की अगुआई में अमेरिकी ओपन बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर बैडमिंटन टूर्नामेंट में खेलने उतरेगी

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की अगुआई में मंगलवार से शुरू हो रहे अमेरिकी ओपन बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर बैडमिंटन टूर्नामेंट में खेलने उतरेगी। त्रीसा और गायत्री की महिला डबल्स जोड़ी पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर चुके खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी इस टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। ओलंपिक में एक महीने से भी कम समय बचा है और ऐसे में पेरिस जाने वाले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों पीवी सिंधू, एचएस प्रणय, लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष डबल्स जोड़ी तथा अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो की महिला डबल्स टीम ने टूर्नामेंट में नहीं खेलने का फैसला किया है।

मई-जून में सिंगापुर ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में उपविजेता रही विश्व की 24वें नंबर की भारतीय जोड़ी त्रीशा और गायत्री को इस सुपर 300 टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता मिली है। त्रीशा और गायत्री को बाई के बाद सीधे प्री क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है जहां उनका सामना सेई पेई शेन और हंग एन-जू की चीनी ताइपे की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी से होगा। दुनिया की 10वें नंबर की जापान की जोड़ी रिन इवानागा और केइ नाकानिशी को शीर्ष वरीयता मिली है।

पुरुष सिंगल्स में आठवीं वरीयता प्राप्त प्रियांशु राजावत ड्रॉ में शीर्ष भारतीय हैं और वे अपना अभियान चेक गणराज्य के यान लोडा के खिलाफ शुरू करेंगे। आयुष शेट्टी और एस शंकर मुथुस्वामी सुब्रमण्यम पुरुष सिंगल्स में दो अन्य भारतीय हैं। शेट्टी का सामना सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह से होगा, जबकि मुथुस्वामी अपना अभियान क्वालिफायर के खिलाफ शुरू करेंगे। सातवीं वरीयता प्राप्त मालविका बंसोड़ महिला सिंगल्स ड्रॉ में शीर्ष भारतीय खिलाड़ी हैं और वे अपना अभियान एस्टोनिया की क्रिस्टिन कूबा के खिलाफ शुरू करेंगी। गैर वरीयता प्राप्त तान्या हेमंत महिला सिंगल्स में दूसरी भारतीय हैं और उनको चीनी ताइपे की पांचवीं वरीयता प्राप्त वेन ची यू से भिड़ना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here