मोयरा सरिया इंटरनेशनल वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर आईटीएफ जे 60 ग्रेड-4 टेनिस चैंपियनशिप

0
इन्दौर की पहल का एकल में सफर थमा, युगल के फाइनल में समर्थ, ऐशरव्य, प्रणील, आदित्य, दीया, साइना, हर्षिनी, प्राची व पार्थसारथी सेमीफाइनल में

इंदौर: स्थानीय खिलाड़ी पहल खराड़कर ने मध्यप्रदेश टेनिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित व मोयरा सरिया द्वारा प्रायोजित इंटरनेशनल वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर आईटीएफ जे-60 ग्रेड-4 टेनिस चैंपियनशिप में बालिका युगल के फाइनल में प्रवेश कर लिया है, लेकिन एकल में उनका सफर क्वार्टर फाइनल में ही थम गया। वहीं एकल वर्ग में समर्थ सहिता, ऐशरव्य मेहरा, प्रणील शर्मा, आदित्य मोर, दीया रमेश, हर्षिनी नागराज, प्राची मलिक व पार्थसारथी मूंढे ने क्रमशः बालक व बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

इन्दौर टेनिस क्लब में खेली जा रही इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस स्पर्धा के बालिका युगल के पहले सेमीफाइनल में स्थानीय खिलाड़ी पहल खराड़कर ने सेजल भूतड़ा के साथ खेलते हुए बड़ा उलटफेर किया और दूसरी वरीयता प्राप्त नैनिका रेड्डी व साईयेत्ती वराडकर को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से पराजित किया। पहल व सेजल ने पूरे मैच में उम्दा तालमेल का प्रदर्शन किया और दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को कही भी टिकने नहीं दिया। फाइनल में पहल व सेजल का मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी हर्षिनी नागराज व दीया रमेश के मध्य होगा। हर्षिनी व दीया ने दूसरे सेमीफाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त शाल्वी दलाल व पार्थसारथी मूंढे को 6-4, 6-2 से पराजित किया।

बालक युगल का फाइनल मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त आदित्य मोर व प्रणील शर्मा तथा दूसरी वरीयता प्राप्त तनुष घिलदयाल व समर्थ सहिता के मध्य होगा। पहले सेमीफाइनल में शीर्ष क्रम के आदित्य मोर व प्रणील शर्मा ने माहित मेखला व विशाल वासुदेवन को 7-5, 7-5 से तथा दूसरे सेमीफाइनल में तनुष व समर्थ ने चौथी वरीयता प्राप्त दक्ष कुकरेती व ऐशरव्य मेहरा को 7-6(5), 6-3 से पराजित किया।

शीर्ष क्रम के खिलाड़ी पहुंचे सेमीफाइनल में

बालक एकल के क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त समर्थ सहिता ने विशाल वासुदेवन को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से, दूसरी वरीयता प्राप्त प्रणील शर्मा ने दक्ष कुकरेती को 6-2, 6-4 से, चौथी वरीयता प्राप्त ऐशरव्य मेहरा ने सातवीं वरीयता प्राप्त देव पटेल को 6-3, 6-1 से, पांचवीं वरीयता प्राप्त आदित्य मोर ने शिवतेज शीरफूले को 7-6(5), 6-4 से मात दी और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बालिका एकल के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शीर्ष वरीयता प्राप्त दीया रमेश ने स्थानीय खिलाड़ी सातवीं वरीयता प्राप्त पहल खराड़कर को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 7-5, 6-3 से मात दी। पहले सेट में पहल ने सेट को टाईब्रेक तक ले जाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही।

दूसरे सेट में भी उन्होंने वापसी की कोशिश की, लेकिन दीया ने उम्दा खेल दिखाते हुए मैच अपने नाम कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त हर्षिनी नागराज ने आठवीं वरीयता प्राप्त आक्रुती सोनकुसारे को कड़े मुकाबले में 2-6, 6-4, 6-1 से मात दी। वहीं तीसरे क्वार्टर फाइनल में पार्थसारथी मूंढे ने उलटफेर करते हुए तीसरी वरीयता प्राप्त साइना वैद्य को मैराथन मुकाबले में 7-5, 5-7, 6-2 से शिकस्त दी। वहीं अंतिम क्वार्टर फाइनल में प्राची मलिक ने जया कपूर को 6-4, 7-6(7) से हराकर अंतिम चार में स्थान बनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here