Ranji Trophy: रहाणे ने दिलाई मुंबई को मजबूत शुरुआत, शतक के करीब चेतेश्वर पुजारा, कुलदीप नहीं कर पाए प्रभावित

0

नई दिल्ली: रणजी ट्रॉफी के लीग राउंड के आखिरी मैचों की शुरुआत 30 जनवरी से हुई। पहले दिन कई सितारे एक्शन में थे जिसमें अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा और कुलदीप यादव जैसे नाम शामिल है। जहां एक ओर रहाणे और पुजारा ने बल्ले से कमाल किया वहीं स्पिन गेंदबाज कुलदीप ने फैंस को निराश किया। कुलदीप यादव काफी समय बाद वापसी कर रहे थे।

मुंबई की टीम ने पहली पारी में मेघालय को 86 के स्कोर पर ऑलआउट कर दिया। वहीं दिन के अंत तक दो विकेट खोकर 213 रन बना लिए थे। रहाणे दिन के अंत में 152 गेंदों में 83 रन बनाकर खेल रहे थे। रहाणे ने पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया था। रहाणे को दूसरी ओर से सिद्धेश लाड का साथ मिला। वह दिन के अंत में 155 गेंदों में 89 रन बना चुके थे। श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में रहाणे टीम की कप्तानी कर रहे हैं।

रहाणे के अलावा चेतेश्वर पुजारा ने भी अपनी पारी से सौराष्ट्र को असम के खिलाफ मजबूत शुरुआत दिलाई। सौराष्ट्र की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और दिन के अंत में तीन विकेट खोकर 361 रन बनाए। पुजारा ने पहले दिन के अंत तक 162 गेंदों में 95 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके है। पुजारा अपने शतक से केवल पांच ही रन दूर है और शुक्रवार को उनकी नजर शतक पर ही होगी।

भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव भी इस आखिरी राउंड के मैच के साथ वापसी कर रहे थे। हालांकि उनकी वापसी प्रभावित नहीं कर पाई। मध्य प्रदेश ने पहले दिन एक विकेट खोकर 335 रन बनाए। उन्होंने पहले दिन केवल एक ही विकेट खोया। यह विकेट कुलदीप यादव के खाते में ही आया। उन्होंने हिमांशु मंत्री को आउट किया जो कि 52 रन बना चुके थे। कुलदीप ने 17 ओवर के स्पेल में 72 रन दिए। उनका इकोनमी रेट 4.20 का है। भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी पहले दिन मैदान पर उतरे हालांकि वह बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here