नई दिल्ली: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में शुभमन गिल ने कमाल की बल्लेबाजी की थी। टीम इंडिया की जीत में उनका बड़ा योगदान रहा। अब आईसीसी ने उन्हें बड़े अवार्ड के लिए चुना है। हालांकि आईसीसी ने इस अवार्ड के लिए शुभमन गिल के अलावा ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स को भी नॉमिनेट किया था, लेकिन विजेता बनकर निकले शुभमन गिल। उन्हें ये अवार्ड फरवरी महीने के लिए दिया गया है।
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को फरवरी 2025 के लिए आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए चुना गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने इस मामले में स्टीव स्मिथ और ग्लेन फिलिप्स को पछाड़ कर इस अवार्ड पर कब्जा किया है। शुभमन गिल को तीसरी बार आईसीसी ने इस अवार्ड के लिए चुना है। बात अगर फरवरी महीने की करें तो शुभमन गिल ने इस दौरान 406 रन बनाए थे। इसमें भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी के शुरुआती मैच शामिल रहे। इस दौरान शुभमन गिल का स्ट्राइक रेट और औसत कमाल का रहा। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीन वनडे मैचों में हर बार शुभमन गिल ने 50 से ज्यादा रनों की पारी खेली थी। इसके बाद जब वे चैंपियंस ट्रॉफी के अपने पहले मैच के लिए मैदान में उतरे तो उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ पहले ही मैच में शतक लगाकर अपने फार्म के बारे में बता दिया था।
शुभमन गिल को तीसरी बार आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए चुना गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले उन्होंने जनवरी 2023 और इसके बाद सितंबर 2023 में भी इस अवार्ड को जीता था। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान रहे बाबर आजम भी अब तक तीन बार आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का अवार्ड जीत चुके हैं। उनसे आगे अब और कोई भी बल्लेबाज नहीं है, जिसने ये अवार्ड जीता हो। बाबर आजम ने अप्रेल 2021, मार्च 2022 और इसके बाद सितंबर 2023 में भी इस अवार्ड को अपने नाम किया था। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन, श्रीलंका के कामेंदु मेंडिस और भारत के जसप्रीत बुमराह दो दो बार इस अवार्ड को जीत चुके हैं। इन सभी से अब शुभमन गिल आगे निकल गए हैं।