नई दिल्ली: वुमेंस प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी की कोच चार्लोट एडवर्ड्स ने अपना पद छोड़ दिया है। क्योंकि अब वह इंग्लैंड महिला टीम की कोच बन गई हैं। इसी वजह से उन्होंने ये बड़ा फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एडवर्ड्स की कोचिंग में मुंबई इंडियंस की टीम ने WPL में कमाल का प्रदर्शन किया है और पिछले तीन सालों में टीम ने दो बार (WPL 2023 और 2025) खिताब जीता है। इसमें एडवर्ड्स की बहुत ही अहम भूमिका रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस ने अपनी प्रेस रिलीज में लिखा है कि चार्लोट एडवर्ड्स एक ऐसी लीडर रही हैं, जिनके लिए सभी के मन में तारीफ है। उन्होंने लड़कियों को अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मुंबई इंडियंस की विरासत को आगे बढ़ाया और खुशी दी। उन्होंने जो कुछ भी हमारी टीम के लिए किया है हम उसके आभारी हैं। मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने उनके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि हमें दो खिताब जिताने के लिए धन्यवाद। नई भूमिका के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
चार्लोट एडवर्ड्स के पास कोच के तौर पर अपार अनुभव मौजूद है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने साउथर्न वाइपर्स के साथ पांच महिला क्रिकेट सुपर लीग खिताब, साउथर्न ब्रेव के साथ द हंड्रेड और फिर मुंबई इंडियंस के साथ दो WPL खिताब जीते थे। अब इंग्लैंड महिला टीम की कोच के रूप में उन्होंने नई जिम्मेदारी संभाली है। वह जॉन लुईस की जगह लेंगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चार्लोट एडवर्ड्स ने इंग्लैंड के लिए 23 टेस्ट मैचों में 1676 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से चार शतक निकले हैं। वहीं 191 वनडे मैचों में उन्होंने 5992 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 9 शतक और 46 अर्धशतक निकले हैं। इसके अलावा 95 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम पर 2605 रन दर्ज हैं।