नीरज चोपड़ा Janusz Kusocinski Memorial प्रतियोगिता में दूसरे, जूलियन वेबर शीर्ष पर

0

नई दिल्ली: भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा शुक्रवार को ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जर्मनी के जूलियन वेबर शीर्ष पर रहकर विजेता बने। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स तीसरे स्थान पर रहे। हाल ही में दोहा डायमंड लीग में 90 मीटर की बाधा पार करने वाले नीरज इस टूर्नामेंट में लय में नजर नहीं आए और उन्होंने 84.14 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से दूसरा स्थान हासिल किया। वेबर 86.12 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ विजेता बनने में सफल रहे। नीरज के छह में से तीन प्रयास फाउल करार दिए गए और उन्होंने आखिरी प्रयास में जाकर वापसी की। दोहा डायमंड लीग में अपने करियर का शानदार प्रदर्शन करने वाले नीरज पोलैंड में उस प्रदर्शन को नहीं दोहरा सके। जूलियन वेबर ने यहां भी नीरज को पीछे छोड़ा और शुरुआत से लेकर अंत तक अपना दबदबा बनाए रखा।
नीरज चोपड़ा ने अपने पहले प्रयास में फाउल किया। हालांकि, नीरज अपने पहले प्रयास से खुश भी दिखे। दोहा डायमंड लीग में नीरज को पछाड़ने वाले जूलियन वेबर ने अच्छी शुरुआत की और पहले प्रयास में 80 मीटर की दूरी पर भाला फेंकने में सफल रहे। जर्मनी के वेबर ने पहले प्रयास में 80.77 मीटर का थ्रो किया। वहीं, पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स ने 80.72 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआत की। इस तरह वेबर पहले प्रयास के बाद शीर्ष पर रहे।

नीरज ने खराब शुरुआत के बाद दूसरे प्रयास में वापसी की और 81.28 मीटर का थ्रो किया। नीरज इसके साथ ही शीर्ष तीन में शामिल हुए। हालांकि, नीरज अपने प्रयास से खुश नजर नहीं आए। वह बड़ा थ्रो मारना चाहते थे, लेकिन उनका थ्रो 81 मीटर के पार नहीं जा सका। ग्रेनाडा के पीटर्स ने दूसरे प्रयास में 81.48 मीटर का थ्रो किया। जूलियन वेबर हालांकि, दूसरे प्रयास में भी सब पर भारी पड़े और उन्होंने 86.12 मीटर का थ्रो किया जो जीत हासिल करने के लिए काफी रहा।

तीसरे प्रयास में एक बार फिर नीरज ने फाउल किया, जूलियन ने 83.72 मीटर का थ्रो किया। वहीं, पीटर्स 83.24 मीटर का थ्रो करने में सफल रहे। नीरज लगातार तीसरे स्थान पर बने रहे। जूलियन ने अपने पहले तीन प्रयास में काफी प्रभावित किया और शीर्ष पर अपनी बढ़त बनाए रखी। नीरज का निराशाजनक प्रदर्शन चौथे प्रयास में भी जारी रहा और उन्होंने एक बार फिर फाउल किया। वह अपने इस प्रयास से काफी निराश दिखे और स्टैंड्स पर बैठे कोचिंग सदस्य के साथ कुछ चर्चा करते नजर आए।

चौथे प्रयास में वेबर 81.63 मीटर और पीटर्स 81.16 मीटर का थ्रो करने में सफल रहे। नीरज ने इसके बाद पांचवें प्रयास में 81.90 मीटर का थ्रो किया जिससे वह शीर्ष तीन पर बरकरार रहे। वेबर ने पांचवें प्रयास में भी शानदार प्रदर्शन किया और 85.03 मीटर का थ्रो किया। वहीं, पीटर्स ने 79.70 मीटर का थ्रो किया। पांचवें प्रयास के बाद भी वेबर शीर्ष पर रहे, जबकि पीटर्स दूसरे और नीरज तीसरे स्थान पर थे।

नीरज ने अपने छठे और आखिरी प्रयास में 84.14 मीटर का थ्रो किया जो उनका इस टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा। नीरज इस टूर्नामेंट में 84 मीटर को पार नहीं कर सके, लेकिन तीसरे से दूसरे स्थान पर आने में सफल रहे। एंडरसन पीटर्स ने आखिरी प्रयास में फाउल किया। इस तरह नीरज उन्हें पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंचने में सफल रहे। नीरज 2021 के बाद से कभी किसी टूर्नामेंट में दूसरे स्थान से नीचे नहीं रहे हैं और उन्होंने यहां भी इस लय को बरकरार रखा। वेबर ने छठे प्रयास में 85.11 मीटर का थ्रो किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here