WTC Final 2025: कगिसो रबाडा ने बरपाया कहर, बेबस नजर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम

0

नई दिल्ली: लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलियाई टीम 56.4 ओवर में मात्र 212 रनों पर सिमट गई। हालांकि साउथ अफ्रीका की भी हालत खराब ही दिखाई दे रही है और 43-4 विकेट खो दिए हैं। रबाडा ने 15.4 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि उनके साथी गेंदबाज मार्को यानसन ने भी 3 विकेट लेकर उनका बखूबी साथ दिया। इन दोनों ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया के 8 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।

मैच की शुरुआत से ही रबाडा ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को खाता भी नहीं खोलने दिया और पहले ही ओवर में उन्हें चलता कर दिया। ख्वाजा को रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में छठी बार आउट किया, जो उनके खिलाफ रबाडा की बादशाहत को दर्शाता है। इसके बाद कैमरन ग्रीन (4 रन), पैट कमिंस (1 रन), मिचेल स्टार्क (1 रन) और नाथन लायन को क्लीन बोल्ड कर रबाडा ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को तहस-नहस कर दिया। उनकी गेंदों में गति, स्विंग का ऐसा मिश्रण था कि ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज बस ताकते रह गए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऑलराउंडर व्यू वेब्स्टर ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए, जबकि अनुभवी स्टीव स्मिथ ने 66 रनों की पारी खेली। लेकिन इन दो बल्लेबाजों को छोड़कर कोई भी कंगारू बल्लेबाज रबाडा और यानसन की गेंदों का जवाब नहीं दे सका। छह बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।

एक खास रिकॉर्ड भी रबाडा के नाम 

इस फाइनल मुकाबले में रबाडा ने न केवल अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाया, बल्कि एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अपने 50 विकेट पूरे किए। ऐसा करने वाले वह साउथ अफ्रीका के 10वें गेंदबाज बन गए हैं। रबाडा ने 11 टेस्ट मैचों में 54 विकेट लिए हैं, और उनका स्ट्राइक रेट 38.8 का है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 या उससे अधिक विकेट लेने वाले 64 गेंदबाजों में सिर्फ दो गेंदबाजों का स्ट्राइक रेट 40 से नीचे है। रबाडा को जहां एक विकेट लेने के लिए औसतन 39 गेंदें लगती हैं, वहीं भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 40 गेंदें। यह आंकड़ा रबाडा की ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर पकड़ को और भी खास बनाता है। साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन इस मामले में सबसे आगे हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 15 टेस्ट मैचों में 70 विकेट लिए हैं। रबाडा अब इस सूची में तेजी से ऊपर चढ़ रहे हैं, और उनकी उम्र और फॉर्म को देखते हुए लगता है कि वह जल्द ही स्टेन के रिकॉर्ड को चुनौती दे सकते हैं।

रबाडा के साथ मार्को ने दिखाया कमाल 

रबाडा के साथ मार्को यानसन ने भी इस मुकाबले में कमाल दिखाया। यानसन ने अपनी गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। उनके 3 विकेटों ने रबाडा के प्रयासों को और मजबूती दी। दोनों गेंदबाजों ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और साउथ अफ्रीका को इस खिताबी मुकाबले में मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here