स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा मौजूदा काउंटी सीजन में इस टीम के लिए खेलते आएंगे नजर

0

नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के स्टार बैटर तिलक वर्मा मौजूदा काउंटी सीजन में इस टीम के लिए खेलने को तैयार हैं। IPL 2025 में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व करने वाले तिलक वर्मा अब हैम्पशायर के लिए इंग्लैंड में खेलते हुए नजर आएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए बताया कि तिलक वर्मा से हैम्पशायर ने काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन टूर्नामेंट में खेलने के लिए संपर्क किया है।

हैम्पशायर काउंटी के साथ शानदार सफर की कामना

22 साल के तिलक वर्मा ने भारत के लिए अब तक 4 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। तिलक वर्मा ने लाल गेंद के क्रिकेट में अपना आखिरी मैच 19 से 22 सितंबर तक 2024 में भारत ए के लिए भारत सी के खिलाफ खेला था और इस मैच में वो मयंक अग्रवाल की कप्तानी में खेलते नजर आए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एचसीए ने कहा कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हैदराबाद के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी तिलक वर्मा को हैम्पशायर काउंटी टीम ने यूके काउंटी चैंपियनशिप लीग में खेलने के लिए संपर्क किया है। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन हैम्पशायर काउंटी के साथ उनके शानदार सफर की कामना करता है।

तिलक वर्मा ने अब तक 18 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने पांच शतकों और चार अर्द्धशतकों की मदद से 1204 रन बनाए हैं। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी का लाल गेंद के प्रारूप में औसत 50.16 है। बेहतरीन फील्डर होने के अलावा तिलक वर्मा एक बेहतरीन ऑफ स्पिनर भी हैं जिन्होंने 12.87 की औसत और 24.10 की स्ट्राइक रेट से आठ विकेट भी लिए हैं। हैम्पशायर ने मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन में 7 मैच खेले हैं और तीन ड्रॉ खेलने और दो मैच हारने के अलावा दो जीत हासिल करने में सफल रहा है। इस टीम को पिछले मैच में टेबल टॉपर ससेक्स से 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था जो 23 से 26 मई तक द रोज बाउल में खेला गया था। बेन ब्राउन की अगुआई वाली हैम्पशायर का अगला मैच 22 से 25 जून तक चेम्सफोर्ड के काउंटी ग्राउंड में एसेक्स के खिलाफ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here