IND vs ENG: रविचंद्रन अश्विन ने भारतीय टीम प्रबंधन को दी सलाह, इस स्पिनर को पहले मैच में करें शामिल

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भारतीय टीम प्रबंधन से आग्रह किया है कि वे कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग-11 में शामिल करें। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून से शुरू होगा। भारतीय टीम इंग्लैंड की परिस्थितियों में एक से अधिक विशेषज्ञ स्पिनर नहीं उतारती है, लेकिन अश्विन का मानना है कि कुलदीप को शुरुआती टेस्ट में मौका मिलना चाहिए।

आमतौर पर भारतीय टीम इन परिस्थितियों में तीन से चार तेज गेंदबाज और एक विशेषज्ञ स्पिनर के साथ उतरती है क्योंकि इंग्लैंड की पिचें सीम और स्विंग की मददगार होती हैं। अश्विन ने तर्क दिया कि भारत को मैच जीतने के लिए अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आक्रमण की जरूरत है और उनके विचार में कुलदीप एक स्टार गेंदबाज हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीरीज शुरू होने से पहले अश्विन ने कहा, जब बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहा होता है, तो सबसे अच्छा गेंदबाजी आक्रमण आपको मैच जिता सकता है। अग पिच नमी नहीं छोड़ती है, तो मुझे लगता है कि कुलदीप यादव का खेलना तय है और अगर पिच पर नमी है, तो भी कुलदीप को खेलना चाहिए।

2021 में भारत के इंग्लैंड के पिछले दौरे के दौरान टीम ने केवल एक स्पिनर, रवींद्र जडेजा को खिलाया था, जबकि अश्विन को उनके अनुभव के बावजूद बाहर रखा गया था। इस बार अधिक लचीला टीम संयोजन दिख सकता है। जडेजा के ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करने की संभावना है और नितीश रेड्डी या शार्दुल ठाकुर जैसे ऑलराउंडरों की मौजूदगी से कुलदीप के लिए जगह बन सकती है। टेस्ट में सीमित मौके मिलने के बावजूद कुलदीप नियमित रूप से विकेट लेने में सफल रहे हैं। कुलदीप सिर्फ 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए मैच में विकेट नहीं ले सके थे।

अश्विन भारत की मौजूदा गेंदबाजी इकाई और इंग्लैंड की परिस्थितियों में उनकी संभावनाओं को लेकर उत्साहित हैं। उनका मानना है कि वे कहीं भी सफल होने में सक्षम हैं। अश्विन ने कहा, जसप्रीत बुमराह को नंबर 1 पर होना चाहिए, साथ ही रवींद्र जडेजा को भी, जो नियंत्रण प्रदान करते हैं और शीर्ष पांच या छह में बल्लेबाजी कर सकते हैं। यह गेंदबाजी आक्रमण किसी भी स्थिति में किसी भी बल्लेबाजी लाइनअप को ध्वस्त कर सकता है। मोहम्मद सिराज को भी नहीं भूलना चाहिए, जो एक योद्धा की तरह हैं।

भारत की तैयारियां चल रही हैं। भारतीय टीम इन दिनों भारत ए के खिलाफ इंट्रा स्क्वाड मैच खेल रह है। केएल राहुल और शुभमन गिल ने अर्धशतक जड़कर प्रभावित किया है, जबकि शार्दुल ठाकुर ने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया है। रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में शुभमन गिल पहली बार भारतीय टीम की कमान संभालेंगे और उनके सामने इंग्लैंड में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here