IND vs ENG: पूर्व कप्तान ने बताया किस तरह शुभमन गिल को रहना होगा सतर्क

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बताया है कि शुभमन गिल को इंग्लैंड दौरे के दौरान अपनी बल्लेबाजी में किस तरह सुधार करना होगा। गिल को रोहित शर्मा की जगह कप्तानी सौंपी गई है। गिल इंग्लैंड के खिलाफ 20 जून से शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। मीडिया रपोर्ट के अनुसार गांगुली ने कहा कि गिल को अपने टेस्ट बल्लेबाजी पर काम करना होगा क्योंकि वह शीर्ष क्रम के बल्लेबाज हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि इंग्लैंड में परिस्थितियां ऐसी नहीं होती कि आप सिर्फ लाइन के पार जाकर बल्लेबाजी करें। गांगुली को लगता है कि गिल को तब बल्लेबाजी के लिए आना पड़ सकता है जब उनकी टीम मुश्किल में हो और फिर उन्हें अलग तरीके से खेलना पड़ सकता है। गांगुली ने कहा, गिल को ढेर सारी शुभकामनाएं। मुझे यकीन है कि वह अपनी टेस्ट मैच की बल्लेबाजी पर काम कर सकते हैं। वह शीर्ष क्रम के बल्लेबाज हैं। ये ऐसी परिस्थितियां नहीं हैं जहां आप सिर्फ लाइन के पार हिट करें। गेंद सीम करेगी, स्विंग करेगी, नई गेंद अलग होगी। ऐसा समय भी आ सकता है जब भारत 10 रन पर दो विकेट खो चुका हो और गिल को आकर नई गेंद खेलनी पड़े, तो उसका काम अलग होगा।

गांगुली का मानना है कि अगर गिल को इंग्लैंड में सफलता हासिल करनी है तो उन्हें अपना डिफेंस सही करना होगा और ऑफ स्टंप के बाहर की गेंदों को छोड़ना सीखना होगा। गांगुली ने कहा, शुभमन को इन परिस्थितियों में कुछ और रन बनाने की जरूरत है, जब गेंद सीम और स्विंग कर रही हो। नई गेंद के साथ आगे खेलना थोड़ा मुश्किल होगा। 100 रन पर दो विकेट और 20 रन पर चार विकेट खोकर बल्लेबाजी करना दो अलग-अलग चीजें हैं, इसलिए उन्हें डिफेंस को सही रखना होगा, ऑफ स्टंप के बाहर की गेंदों को छोड़ना सीखना होगा। विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद यह भारत का पहला दौरा होगा। गांगुली ने कहा कि कम समय में चीजों को तेजी से बदलते देखना आश्चर्यजनक है। गांगुली ने कहा, कोहली नहीं है, रोहित शर्मा नहीं होंगे और अजिंक्य रहाणे भी शामिल नहीं रहेंगे। यह बिल्कुल आश्चर्यजनक है। एक समय में चीजें कैसे बदल जाती हैं, यह अविश्वसनीय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here