न्यूजीलैंड की कप्तान ने महिला वर्ल्ड कप के बाद वनडे से संन्यास लेने का किया ऐलान

0

नई दिल्ली: साल 2025 को क्रिकेटर्स के रिटायरमेंट के लिए याद किया जाएगा। संन्यास लेने वालों में स्टीव स्मिथ, विराट कोहली, रोहित शर्मा और ग्लेन मैक्सवेल जैसे खिलाड़ियों का नाम शामिल हैं। इस लिस्ट में एक दिग्गज महिला क्रिकेटर का नाम जुड़ गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने महिला वर्ल्ड कप के बाद वनडे से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने लगभग 7400 रन बनाए हैं और 226 विकेट लिए हैं।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने 17 जून को कहा कि वनडे से संन्यास का ऐलान करने वाली सोफी 2025-26 सत्र के लिए कैजुअल कॉन्ट्रैक्ट का विकल्प चुनेंगी। 35 वर्षीय खिलाड़ी का न्यूजीलैंड के लिए वनडे और टी20 दोनों में प्रभावशाली करियर है। 50 ओवर के क्रिकेट में शुरुआत में वह नंबर 11 पर खेलती थीं। इसके बाद उन्होंने 152 मैचों के दौरान टीम में सबसे महत्वपूर्ण बल्लेबाज बनने के लिए कड़ी मेहनत की। वह न्यूजीलैंड के लिए सूजी बेट्स के बाद दूसरे सबसी अधिक मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर हैं।

डिवाइन ने लिए 107 विकेट

सोफी ने आठ शतक (बेट्स के बाद दूसरे सबसे अधिक) और 16 अर्द्धशतक लगाए हैं। 3990 रन (चौथे सबसे अधिक) बनाने के अलावा डिवाइन ने 107 विकेट भी लिए हैं। उनके नाम ली ताहुहू के बाद दूसरे सबसे अधिक विकेट हैं। ऑलराउंडर 2020 में न्यूजीलैंड की स्थायी कप्तान बनीं और उनके नेतृत्व में महिला कीवी आखिरकार पिछले साल टी20 विश्व कप जीती। पिछले 2 वनडे वर्ल्ड कप में टीम ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई है।

ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला

एनजेडसी की महिला हाई परफॉरमेंस हेड लिज ग्रीन ने कहा कि डिवाइन के कैजुअल कॉन्ट्रैक्ट चुनने के फैसले से कल घोषित होने वाली 17 सदस्यीय केंद्रीय अनुबंध सूची में एक अन्य खिलाड़ी के लिए पूर्ण अनुबंध के द्वार खुलेंगे। टी20 चैंपियन टीम अपना वनडे विश्व कप अभियान 1 अक्टूबर को इंदौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू करेगी। टूर्नामेंट के बाद डिवाइन के उत्तराधिकारी का चयन न्यूजीलैंड के घरेलू सीजन की शुरुआत से पहले किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here