IND vs ENG: बारिश के कारण जल्दी खत्म हुआ तीसरे दिन का खेल, भारत ने हासिल की 96 रन की बढ़त

0

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण जल्दी समाप्त हो गया। भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 90 रन बना लिए हैं। इसी के साथ उनकी बढ़त 96 रनों की हो गई है। केएल राहुल 47 और शुभमन गिल छह रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

भारत ने पहली पारी में 471 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में ओली पोप के शतक और हैरी ब्रूक की 99 रनों की पारी की बदौलत 10 विकेट पर 465 रन बनाए। इस तरह भारत ने छह रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने दो विकेट पर 90 रन बनाए और उनकी बढ़त 96 रनों की हो गई।

दूसरी पारी में भारत की शुरुआत झटके के साथ हुई। ब्रायडन कार्स ने 16 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल को विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंदों में सिर्फ चार रन बना पाए। इसके बाद मोर्चा केएल राहुल और साई सुदर्शन ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी हुई जिसे बेन स्टोक्स ने तोड़ा। उन्होंने सुदर्शन को जैक क्रॉली के हाथों कैच कराया। वह 48 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल समाप्त होने तक सलामी बल्लेबाज केएल राहुल 75 गेंदों में सात चौके की मदद से 47 और शुभमन गिल 10 गेंदों में एक चौके की मदद से छह रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

465 रन पर ऑलआउट हुआ इंग्लैंड

इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 465 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत को छह रन की बढ़त मिल गई। इससे पहले भारत ने 471 रन बनाए थे। तीसरे दिन का खेल इंग्लैंड ने 209/3 के स्कोर से शुरू किया था। उस वक्त ओली पोप 101 और हैरी ब्रूक बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद थे।

प्रसिद्ध कृष्णा ने इंग्लैंड को तीसरे दिन के पहले सत्र में करारा झटका दिया। उन्होंने ओली पोप को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। वह 137 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 106 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोर्चा हैरी ब्रूक और बेन स्टोक्स ने संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी हुई जिसे मोहम्मद सिराज ने तोड़ा। उन्होंने कप्तान स्टोक्स को पंत के हाथों कैच कराया। वह 52 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ पंत ने भी टेस्ट में 150 कैच पूरे कर लिए। वह टेस्ट में 150 विकेट पूरे करने वाले तीसरे भारतीय विकेटकीपर बन गए।

276 पर पांच विकेट खो चुकी इंग्लैंड को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी। उनकी इस दरकार को ब्रूक और जेमी स्मिथ ने पूरा किया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 88 गेंदों में 73 रन जोड़े और स्कोर 350 के करीब पहुंचा दिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे सत्र में फिर अपनी गेंदबाजी का जादू बिखेरा और विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ को अपना शिकार बनाया। वह पांच चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ब्रूक को वोक्स का साथ मिला। उन्होंने सातवें विकेट के लिए 49 रन जोड़े। ब्रूक पहली पारी में 99 रन बनाकर आउट हो गए। वह अपने नौवें टेस्ट शतक से सिर्फ एक रन से चूक गए। उन्हें भी प्रसिद्ध कृष्णा ने ही पवेलियन भेजा। इसके बाद वोक्स को ब्रायडन कार्स का साथ मिला और दोनों ने 55 रनों की साझेदारी निभाई। सिराज ने कार्स को बोल्ड किया। वह 23 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। क्रिस वोक्स को बुमराह ने अपना शिकार बनाया। वह 55 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। जोश टंग 11 रन बना पाए जबकि शोएब बशीर एक रन बनाकर नाबाद रहे।

पहली पारी में भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट में 14वीं बार एक पारी में पांच विकेट अपने नाम किए। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा को तीन और मोहम्मद सिराज को दो विकेट मिले। रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर के हाथ खाली रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here