टेस्ट सीरीज के बीच बढ़ सकती है भारत की मुश्किलें, चोटिल चल रहे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज फिटनेस हासिल करने के करीब

0

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स में खेला जा रहा है। इस मैच के बीच ही भारत के लिए खतरे की घंटी बज गई है। दरअसल, चोटिल चल रहे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पूर्ण रूप से फिटनेस हासिल करने के करीब हैं। माना जा रहा है कि आर्चर भारत के खिलाफ दो जुलाई से होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में खेल सकते हैं।

आर्चर भारत के खिलाफ सीरीज में खेलने से पहले लाल गेंद के क्रिकेट में वापसी करेंगे और डरहम में ससेक्स के लिए काउंटी चैंपियनशिप मैच में खेल सकते हैं। भारत के खिलाफ एंडरसन तेंदुलकर सीरीज के पहले टेस्ट में आर्चर और मार्क वुड के बिना इंग्लैंड का गेंदबाजी आक्रमण कमजोर दिखाई दिया। ऐसे में अगर आर्चर दूसरे मैच से सीरीज में वापसी करते हैं तो इससे भारत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार जोफ्रा आर्चर ससेक्स के लिए लाल गेंद के क्रिकेट में वापसी करेंगे हालांकि उनका नाम काउंटी चैंपियनशिप के इस मैच की टीम में नहीं था। अगर वह मैच खेल पाते हैं तो भारत के खिलाफ एजबेस्टन में दूसरे टेस्ट की टीम में हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने पुष्टि की है कि वह इस काउंटी मैच के लिए ससेक्स टीम में होंगे।

आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले आर्चर चोटों के कारण चार साल से प्रथम श्रेणी क्रिकेट नहीं खेले हैं। आर्चर ने 2021 से इंग्लैंड के लिए सिर्फ सफेद गेंद के प्रारूप में खेला है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि आर्चर लाल गेंद के क्रिकेट में वापसी करना चाहते हैं। उन्होंने कहा था, कई बार वह मुझे मैसेज भेजता है। मैने उसे यही सलाह दी कि हड़बड़ी नहीं करे। वह चोटों से काफी परेशान रहा है। उसकी वापसी इंग्लैंड के लिए रोमांचक होगी। उम्मीद है कि वह टेस्ट क्रिकेट में चयन के लिए उपलब्ध होगा।

आर्चर और वुड की अनुपस्थिति में पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया जिससे टीम 450 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही थी। हालांकि, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत के शतकों के बावजूद इंग्लैंड की टीम वापसी करने में सफल रही थी। भारत का स्कोर एक समय चार विकेट पर 430 रन था, लेकिन इंग्लैंड ने बेन स्टोक्स और जोश टंग की शानदार गेंदबाजी की मदद से भारत की पहली पारी 471 रन पर समाप्त कर दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here