नई दिल्ली: बेन डकेट के शतक और जैक क्रावली तथा जो रूट के अर्धशतकों की मदद से इंग्लैंड ने भारत को पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन पांच विकेट से हराया। इंग्लैंड ने इस तरह पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम पहली पारी में बढ़त लेने के बावजूद इस मैच को जीत नहीं सकी। भारत ने इंग्लैंड के सामने 371 रनों का लक्ष्य रखा था। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 373 रन बनाकर जीत हासिल की। भारत की हार का सबसे बड़ा कारण दूसरी पारी में गेंदबाजों का लचर प्रदर्शन रहा। इंग्लैंड के लिए रूट 53 रन और जैमी स्मिथ 44 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला।
भारत की दूसरी पारी चौथे दिन 364 रन पर ऑलआउट हुई थी और उसने कुल 370 रनों की बढ़त हासिल कर इंग्लैंड को 371 रनों का लक्ष्य दिया था। इंग्लैंड ने पांचवें दिन की शुरुआत बिना किसी नुकसान के 21 रन से की। इंग्लैंड को अंतिम दिन जीत के लिए 350 रन चाहिए थे, जबकि भारत को 10 विकेट लेने थे। इंग्लैंड के लिए जैक क्रावले और बेन डकेट ने शानदार बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 188 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति पर पहुंचाया। इन दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें दिन पहले सत्र में भारत को सफलता हासिल नहीं करने दी।
भारत ने दूसरे सत्र में चार विकेट लिए, लेकिन अंत में रूट और स्मिथ ने मोर्चा संभाला और इंग्लैंड को जीत दिला दी। इंग्लैंड के लिए डकेट ने 149 रन, क्रावली ने 65, कप्तान बेन स्टोक्स ने 33, ओली पोप ने आठ रन बनाए, जबकि हैरी ब्रूक खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दूसरी पारी में खाली हाथ रहे और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके।
इंग्लैंड की दूसरी पारी का स्कोरकार्ड
विकेट पतन: 188-1 (ज़ैक क्रॉली, 42.2), 206-2 (ओली पोप, 44.4), 253-3 (बेन डकेट, 54.3), 253-4 (हैरी ब्रुक, 54.4), 302-5 (बेन स्टोक्स, 67.3)
भारत की दूसरी पारी: पंत-राहुल के शतक
भारतीय टीम की दूसरी पारी में भी ऋषभ पंत ने तूफानी शतक जड़ा. ऋषभ ने 15 चौके और तीन छक्के की मदद से 140 गेंदों पर 118 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने भी यादगार शतकीय पारी खेली. राहुल ने 247 गेंदों पर 137 रन बनाए, जिसमें 18 चौके शामिल रहे. हालांकि इन दो बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भारत ने 31 रनों पर आखिरी के 5 विकेट खो दिए. इंग्लिश तेज गेंदबाजों ब्रायडन कार्स और जोश टंग ने तीन-तीन विकेट झटके.
भारत की दूसरी पारी का स्कोरकार्ड: (364/10, 96 ओवर)
विकेट पतन: 16-1 (यशस्वी जायसवाल, 3.1ओवर), 82-2 (साई सुदर्शन, 20.5 ओवर), 92-3 (शुभमन गिल, 24.6 ओवर), 287-4 (ऋषभ पंत, 71.4 ओवर), 333-5 (केएल राहुल, 84.2 ओवर), 335-6 (करुण नायर, 85.6 ओवर), 349-7 (शार्दुल ठाकुर, 90.1 ओवर), 349-8 (मोहम्मद सिराज, 90.2 ओवर), 349-9 (जसप्रीत बुमराह, 90.4 ओवर), 364-10 (प्रसिद्ध कृष्णा, 95.6 ओवर).
इंग्लैंड की पहली पारी: पोप की सेंचुरी, बुमराह का ‘पंजा’
मुकाबले में इंग्लैंड की पहली पारी 465 रनों पर सिमट गई थी. ओली पोप ने 137 गेंदों का सामना करते हुए सर्वाधिक 106 रन बनाए, जिसमें 14 चौके शामिल रहे. जबकि हैरी ब्रूक ने 99 रनों की शानदार पारी खेली. ब्रूक ने 112 गेंदों की पारी में 11 चौके के अलावा दो छक्के लगाए. सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने भी अर्धशतकीय योगदान (94 गेंदों पर 62 रन, 9 चौके) दिया. भारतीय टीम की ओर से स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा पांच विकेट झटके. वहीं प्रसिद्ध कृष्णा को 3, जबकि मोहम्मद सिराज को दो विकेट्स मिले.
इंग्लैंड की पहली पारी का स्कोरकार्ड: (465/10, 100.4 ओवर)
विकेट पतन: 4-1 (जैक क्राउली, 0.6 ओवर), 126-2 (बेन डकेट, 28.3 ओवर), 206-3 (जो रूट, 46.3 ओवर), 225-4 (ओली पोप, 51.1 ओवर), 276-5, (बेन स्टोक्स, 64.5 ओवर), 349-6 (जेमी स्मिथ, 79.3 ओवर), 398-7 (हैरी ब्रूक, 87.3 ओवर), 453-8 (ब्रायडन कार्स, 94.5 ओवर), 460-9 (क्रिस वोक्स, 98.5 ओवर), 465-10 (जोश टंग, 100.4 ओवर)
भारत की पहली पारीः यशस्वी-शुभमन-पंत के शतक
भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए अपनी पहली पारी में 471 रन बना डाले थे. नवनियुक्त कप्तान शुभमन गिल ने 227 गेंदों पर 147 रनों की पारी खेली, जिसमें 19 चौके के अलावा एक सिक्स शामिल रहा. वहीं उप-कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 134 रनों का योगदान दिया. पंत ने 178 गेंदों का सामना किया और 12 चौके के अलावा 6 छक्के जड़े. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने भी 159 गेंदों पर शानदार 101 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और एक सिक्स शामिल रहा. इंग्लैंड के लिए जोश टंग और कप्तान बेन स्टोक्स ने चार-चार विकेट झटके.
भारत की पहली पारी का स्कोरकार्ड: (471/10, 113 ओवर)

विकेट पतन: 91-1 (केएल राहुल, 24.5 ओवर), 92-2 (साई सुदर्शन, 25.4 ओवर), 221-3 (यशस्वी जायसवाल, 52.3 ओवर), 430-4 (शुभमन गिल, 101.5 ओवर), 447-5 (करुण नायर, 104.6 ओवर), 453-6 (ऋषभ पंत, 107.2 ओवर), 454-7 (शार्दुल ठाकुर, 108.4 ओवर), 458-8 (जसप्रीत बुमराह, 110.3 ओवर), 469-9 (रवींद्र जडेजा, 112.1 ओवर), 471-10 (प्रसिद्ध कृष्णा, 112.6 ओवर).
टीम इंडिया की लीड्स टेस्ट में प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
इंग्लैंड की लीड्स टेस्ट में प्लेइंग-11: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर.


