नई दिल्ली : खेल जगत में उस वक्त सनसनी फैल गई जब गुरुग्राम सेक्टर-57 स्थित एक घर में गुरुवार की सुबह करीब 11.30 बजे पूर्व राज्य स्तरीय महिला टेनिस खिलाड़ी की उसके पिता ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना पर अब भारतीय स्टार भालाफेंक एथलीट नीरज चोपड़ा का बयान आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि, परिवार में सभी को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नीरज ने कहा- ‘मैं पहले भी कुछ लोगों से इस बारे में बात कर चुका हूं। हमारे पास हरियाणा की महिला एथलीटों के कुछ बेहतरीन उदाहरण पहले से ही मौजूद हैं जिन्होंने देश के लिए कमाल किया है। परिवारों में, आपको एक-दूसरे का साथ देना चाहिए और जो महिला एथलीट अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, उन्हें आदर्श मानकर उनका अनुसरण करना चाहिए।’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि अकादमी खोलने के बाद राधिका के पिता नाराज हो गए थे। उनका कहना था कि गांव में जब वह कभी निकलते हैं तो गांव वाले उसे बेटी की कमाई खाने संबंधी बात कहते हैं। इस बात को लेकर पिता दीपक काफी परेशान रहता था। बीते 15 दिनों से पिता व बेटी में टेनिस अकादमी को लेकर झगड़ा चल रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी होने पर पिता दीपक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से बेटी राधिका की पीठ में तीन गोली मार दी। पुलिस ने हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
टेनिस खिलाड़ी को गोली मारने की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पूर्व), सेक्टर-56 थाने के प्रभारी, एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट की पुलिस टीमें घटनास्थल पहुंची। जिस घर में गोली मारी गई थी, पुलिस ने वहां पर साक्ष्य एकत्रित किए गए। मृतका के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी रखवाया गया। पुलिस जांच में पता चला कि राधिका ने टेनिस खेल में कई पदक भी जीते हैं। कुछ माह पहले कंधे में चोट लगने के कारण राधिका ने टेनिस खेलना छोड़ दिया था। इसके बाद राधिका ने वजीराबाद गांव में बच्चों को टेनिस सिखाने के लिए अकादमी शुरू की थी, लेकिन राधिका के पिता दीपक इस अकादमी को खोलने के खिलाफ थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को निजी अस्पताल से युवती को गोली लगने की सूचना मिली तो सेक्टर-56 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत खिलाड़ी राधिका के पिता दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।


