Wimbledon: कार्लोस अल्कारेज लगातार तीसरी बार के खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने में रहे सफल

0

लंदन: दो बार के गत विजेता स्पेन के कार्लोस अल्कारेज ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए वर्ष के तीसरे ग्रैंडस्लैम विंबलडन के पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। अल्कारेज ने सेमीफाइनल में अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज को 6-4, 5-7, 6-3, 7-6(6) से हराया और लगातार तीसरी बार विंबलडन के खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने में सफल रहे।

अल्कारेज ने पहली सर्विस प्वाइंट से 88 फीसदी अंक हासिल किए, लेकिन दो घंटे 48 मिनट तक चले मुकाबले में कई बार उन्हें संघर्ष भी करना पड़ा। फ्रिट्ज ने अल्कारेज को दूसरे सेट में पछाड़ा, लेकिन इस स्पेनिश खिलाड़ी ने शानदार वापसी की और मुकाबला अपने नाम किया। अल्कारेज ने कहा, टेलर के खिलाफ खेलना हमेशा की तरह वाकई मुश्किल था। हालात और भी मुश्किल थे, आज तो बहुत गर्मी थी। आज मैंने जो कुछ भी किया, उससे मैं बहुत खुश हूं। मैंने अपनी घबराहट पर काबू पा लिया, यहां सेमीफाइनल में खेलना आसान नहीं है। जिस तरह से मैं शांत रहा और स्पष्ट रूप से सोचा, उस पर मुझे बहुत गर्व है।

अल्कारेज ने विंबलडन में अपना लगातार 20वां मुकाबला जीता है और वह छठी बार फाइनल में पहुंचे हैं। वह विंबलडन में खिताबी हैट्रिक लगाने से एक जीत दूर हैं। अल्कारेज के सामने फाइनल में विश्व नंबर एक यानिक सिनर या सात बार के विंबलडन चैंपियन नोवाक जोकोविच होंगे। पिछले महीने अल्कारेज ने सिनर को पांच घंटे 29 मिनट तक चले फाइनल में हराकर फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। अल्कारेज जोकोविच की चुनौती से भी पार पा चुके हैं और उन्होंने दो बार विंबलडन के फाइनल में हराया है। हालांकि, एटीपी हेड टू हेड रिकॉर्ड में वह जोकोविच से 3-5 से पीछे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here