प्रो पंजा लीग सीजन 2 का आयोजन ग्वालियर में 5 अगस्त से

0

मुंबई. देशभर के आर्मरेसलिंग प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित प्रो पंजा लीग का दूसरा सीजन अब 5 अगस्त से शुरू होने जा रहा है और इसकी लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड पर की जाएगी, जो भारत का प्रमुख डिजिटल स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म है। पहले सीजन को जबरदस्त सफलता और दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। अब सीजन 2 में दर्शकों को और भी जबरदस्त मुकाबले देखने को मिलेंगे। इस बार लीग का आयोजन संस्कृति और इतिहास से समृद्ध शहर ग्वालियर में किया जाएगा। इस सीजन में जहां पहले सीजन के चहेते खिलाड़ी वापसी करेंगे, वहीं कई नए प्रतिभाशाली चेहरे भी पंजा टेबल पर अपनी ताकत दिखाने को तैयार हैं।

प्रो पंजा लीग आईपीएल स्टाइल फ्रेंचाइज़ी फॉर्मेट में खेली जाती है, जिसमें देशभर की टीमें 17 दिनों तक रोमांचक मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। पहले सीजन में कोच्चि केडीज़ ने खिताब अपने नाम किया था और लीग को अपार लोकप्रियता मिली थी। आयोजकों का दावा है कि सीजन 2 इस सफलता को और ऊंचाई तक ले जाएगा।

प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक प्रवीन दबास ने कहा कि हमारा लक्ष्य हमेशा से यह रहा है कि आर्मरेसलिंग को हर भारतीय घर तक पहुंचाया जाए। पहले सीजन में फैनकोड के जरिए हमें जबरदस्त पहुंच मिली, जो हमारे लिए बहुत उत्साहवर्धक रही। यह साझेदारी हमारी इस सोच को मजबूत करती है। इस बार हम नए दर्शकों तक पहुंचने की उम्मीद कर रहे हैं।

फैनकोड के सह-संस्थापक यानिक कोलाको ने भी इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि हम प्रो पंजा लीग के साथ अपनी साझेदारी को जारी रखते हुए बेहद उत्साहित हैं। हमारा उद्देश्य देशी खेलों को बढ़ावा देना और उन्हें देश के कोने-कोने तक पहुंचाना है। यह लीग ताकत, जुनून और गर्व का प्रतीक है, और हम इसे पूरे देश में दर्शकों तक पहुंचाने को लेकर गर्व महसूस कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here