IND vs ENG: पंत की चोट पर बोले गिल, चौथे टेस्ट में खेलने को लेकर किया खुलासा

0

नई दिल्ली: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने उप-कप्तान ऋषभ पंत की चोट को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट दिया है। पंत को लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन विकेटकीपिंग के दौरान चोट लग गई थी, जिसके कारण वह मैच में आगे विकेटकीपिंग नहीं कर पाए। उनकी अनुपस्थिति में युवा खिलाड़ी ध्रुव जुरेल ने बाकी बचे मैच में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया। पंत की चोट को लेकर अब टीम प्रबंधन उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि ऋषभ पंत को अंगुली में लगी चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुभमन गिल ने बताया, ‘ऋषभ स्कैन के लिए गए हैं। कोई बड़ी चोट नहीं है, इसलिए मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट तक वह ठीक हो जाएंगे।’ चौथा टेस्ट मैच 23 से 27 जुलाई तक मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाना है। लॉर्ड्स में इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान जसप्रीत बुमराह की गेंद को पकड़ने की कोशिश करने के दौरान ऋषभ पंत के बाएं हाथ की तर्जनी अंगुली में चोट लग गई थी।

बुमराह की गेंद पकड़ने की कोशिश में पंत हुए चोटिल

तीसरे टेस्ट के पहले दिन, दूसरे सत्र में ऋषभ पंत को उस वक्त चोट लगी जब वह पारी के 34वें ओवर में विकेटकीपिंग कर रहे थे। उन्होंने जसप्रीत बुमराह की लेग साइड में जाती गेंद को रोकने के लिए अपनी बाईं ओर डाइव लगाई थी। इसके बाद वह दर्द से कराह रहे थे। ऋषभ पंत गेंद पर अपना हाथ रखने में कामयाब रहे, लेकिन इसे पूरी तरह से रोक नहीं पाए। इसके बाद खेल कुछ देर के लिए रुका रहा। भारतीय सहयोगी स्टाफ ने ऋषभ पंत के हाथ का उपचार करवाया, लेकिन जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो विकेटकीपर ने अपने हाथ उचका दिए। आखिरकार, बुमराह का ओवर खत्म होने के बाद ऋषभ पंत मैदान से बाहर चले गए।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बाद में बीसीसीआई ने बताया, ‘टीम इंडिया के उप-कप्तान ऋषभ पंत की बाईं तर्जनी अंगुली में चोट लग गई है। वह फिलहाल मेडिकल टीम की निगरानी में इलाज करा रहे हैं। ऋषभ की अनुपस्थिति में ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग कर रहे हैं।’ हालांकि, ऋषभ पंत ने दोनों पारियों में बल्लेबाजी की। ऋषभ पंत ने अब तक 6 पारियों में 425 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक शामिल हैं। ऋषभ पंत भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वह शुभमन गिल के 607 रन के बाद दूसरे स्थान पर हैं।

लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान तनावपूर्ण रहा था माहौल

लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के दौरान पूरा माहौल तनावपूर्ण और गरमाया हुआ नजर आया। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज पर इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट का विकेट लेने के बाद की गई उनकी प्रतिक्रिया के लिए जुर्माना और एक डिमेरिट अंक लगाया गया। शुभमन गिल ने कहा कि ‘गर्मी’ ने सीरीज में तीखापन ला दिया था, लेकिन दोनों टीमें एक-दूसरे का सम्मान करती हैं।

दोनों टीमें एक-दूसरे का बहुत सम्मान करती हैं

25 साल के शुभमन गिल ने कहा, “आप शारीरिक और मानसिक रूप से अपना सब कुछ झोंक रहे हैं, इसलिए ऐसे पल आएंगे जब दोनों तरफ से थोड़ी-बहुत गर्माहट देखने को मिलेगी।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यही इसे इतना रोमांचक बनाता है, यही इसे और चुनौतीपूर्ण बनाता है, लेकिन अगली बार जब हम एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे, तो कोई मनमुटाव नहीं होगा। दोनों टीमों के लिए हमारे अंदर बहुत सम्मान है।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here