नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 16 जुलाई 2025 की देर रात खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड को 4 विकेट से हरा दिया। यह रोमांचक मैच रात 12 बजे के बाद खत्म हुआ, जहां टीम इंडिया ने शानदार संयम और धैर्य का प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य का पीछा किया। भारतीय महिला टीम की यह पिछले 12 वनडे में 11वीं जीत है। उसका यह सिलसिला दिसंबर 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज से शुरू हुआ था।साउथेम्प्टन के द रोज बाउल स्टेडियम में खेले गए मैच में इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सोफिया डंकले और डेविडसन रिचर्ड्स के अर्धशतकों की मदद से 50 ओवर में 6 विकेट पर 258 रन बनाए।
भारत की धमाकेदार जीत, 10 गेंद पहले ही किया काम तमाम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम ने 48.2 ओवर में 6 विकेट पर 262 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली। भारत की जीत में ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 64 गेंद में नाबाद 62 रन बनाए। भारत और इंग्लैंड की ओर से पूरे मैच में सिर्फ उन्होंने ही एक छक्का लगाया। वह भी एक हाथ से। उनको छक्का लगाते देख फैंस को ऋषभ पंत की याद आ गई।
फैनकोड ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दीप्ति शर्मा का एक हाथ से लगाया गया शानदार छक्का दिखाते हुए वीडियो शेयर किया है। इस खास शॉट ने फैंस को ऋषभ पंत की याद दिला दी और देखते ही देखते यह क्लिप वायरल हो गई। कुछ यूजर्स ने दीप्ति शर्मा को लीजंड करार दिया। एक यूजर ने लिखा, ये सब लोग कल ही ऋषभ पंत से मिले हैं और उसका असर दिख गया। इस यूजर का संदर्भ शायद भारतीय महिला और भारतीय पुरुष टीम का ब्रिटेन के किंग चार्ल्स से मुलाकात को लेकर था। दो दिन पहले ही एक कार्यक्रम में शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टेस्ट टीम और हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम ने हिस्सा लिया था।
वेदा कृष्णमूर्ति को पछाड़ दीप्ति शर्मा ने बनाया नया रिकॉर्ड
दीप्ति शर्मा ने न केवल शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि इसके साथ ही इतिहास भी रच दिया। उनकी यह उपलब्धि भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक यादगार पल बन गई है। दीप्ति शर्मा के नाबाद 62 रन लक्ष्य का पीछा करते हुए छठे या उससे नीचे के क्रम पर खेलने वाली किसी भारतीय महिला बैटर का सर्वोच्च स्कोर है। दीप्ति शर्मा ने वेदा कृष्णमूर्ति के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। वेदा कृष्णमूर्ति ने 2016 में विजयवाड़ा में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच में नाबाद 52 रन बनाए थे। भारत बनाम इंग्लैंड महिला वनडे सीरीज के पहले मैच की बात करें तो दीप्ति शर्मा ने अपने बल्लेबाजी कौशल और धैर्य का शानदार परिचय देते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा।
इस तरह से भारत ने वनडे विश्व कप के लिए अपनी तैयारी की अच्छी शुरुआत भी की। दीप्ति ने अपनी पारी के दौरान जेमिमा रोड्रिग्स (54 गेंद में 48 रन) के साथ 5वें विकेट के लिए 14.2 ओवर में 90 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अंतिम ओवर्स में ऑलराउंडर अमनजोत कौर (14 गेंद में 20 रन) ने भी अहम योगदान दिया। भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल (36), उपकप्तान स्मृति मंधाना (28), हरलीन देओल (27) और हरमनप्रीत कौर (17) अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाईं। इससे भारत का स्कोर एक समय 4 विकेट पर 124 रन हो गया। इसके बाद दीप्ति शर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स ने बखूबी जिम्मेदारी संभाली।
वनडे में भारतीय महिला टीम द्वारा हासिल किए सबसे बड़े लक्ष्य
265 रन: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, मैके, 2021
259 रन: इंग्लैंड के खिलाफ विजेता, साउथेम्प्टन, 2025
252 रन: न्यूजीलैंड के खिलाफ, क्वींसटाउन, 2022
248 रन: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, वडोदरा, 2019
245 रन: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, कोलंबो (PSS), 2017


