नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर बल्लेबाज प्रतीका रावल और इंग्लैंड की टीम पर शुक्रवार, 18 जुलाई को साउथम्पटन में खेले गए तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के पहले मैच के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया गया। भारत ने 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच को 4 विकेट से जीता। स्मृति मंधाना की साथी रावल पर दो अलग-अलग घटनाओं में लेवल एक के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया। रावल को 18वें ओवर के दौरान इंग्लैंड की गेंदबाज लॉरेन फाइलर और उसके अगले ओवर में सोफी एक्लेस्टोन के साथ अनावश्यक शारीरिक संपर्क बनाने का दोषी पाया गया।
आईसीसी ने रावल के नाम जोड़ा डिमेरिट पॉइंट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा, ‘‘भारतीय ओपनर बल्लेबाज को थोड़े अंतराल के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं के लिए आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। उनका 18वें ओवर में एक रन लेते समय गेंदबाज लॉरेन फाइलर के साथ शारीरिक संपर्क हुआ, जिससे उन्हें बचना चाहिए था। अगले ओवर में आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम लौटते समय उनका गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन के साथ भी ऐसा ही संपर्क हुआ।’’
समय सीमा में ओवर पूरे न करने पर लगा जुर्माना
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रकार रावल के रिकार्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया, क्योंकि 24 महीने की अवधि में यह उनका पहला अपराध था। भारत ने पहला वनडे चार विकेट से जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली। आईसीसी ने इसके साथ ही कहा कि उसने धीमी ओवर गति के लिए इंग्लैंड की टीम पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया है, क्योंकि उसने निर्धारित समय में एक ओवर कम किया था। बयान के अनुसार‘‘रावल और इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने मैच रेफरी सारा बार्टलेट द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को स्वीकार कर लिया है, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी।’’


