Murali Sreeshankar: पुर्तगाल में मुरली श्रीशंकर का कमाल, लंबी कूद में जीता गोल्ड

0

नई दिल्ली: भारतीय एथलीट मुरली श्रीशंकर ने पुर्तगाल के माइया शहर में आयोजित विश्व एथलेटिक्स उपमहाद्वीपीय टूर के कांस्य स्तर के टूर्नामेंट मीटिंग माइया सिडाडे डो डेसपोर्टो में शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबी कूद का खिताब अपने नाम किया। यह जीत उनके आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई है, और भारतीय एथलेटिक्स जगत के लिए गर्व का क्षण है। श्रीशंकर ने 7.75 मीटर की कूद लगाई और शीर्ष स्थान हासिल किया। एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता श्रीशंकर ने दूसरे दौर में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया।

श्रीशंकर ने 7.63 मीटर की कूद के साथ शुरुआत की और दूसरे दौर में 7.75 मीटर की कूद लगाई। तीसरी कूद में उन्होंने 7.69 मीटर का फासला नापा। अगला प्रयास फाउल रहा और इसके बाद 6.12 और 7.58 मीटर की कूद लगाई। पोलैंड के पियोत्र तारकोवस्की ने भी 7.75 मीटर की कूद लगाई लेकिन उनका दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रयास 7.58 मीटर था जो श्रीशंकर के 7. 69 मीटर से कम था। विश्व एथलेटिक्स के नियमों के अनुसार अगर दो खिलाड़ियों में टाई होता है तो दूसरी वैध कूद को टाइब्रेकर माना जाता है।

घुटने के ऑपरेशन के कारण लंबे समय खेल से दूर रहे श्रीशंकर ने इस महीने की शुरुआत में इंडियन ओपन एथलेटिक्स मीट के जरिये वापसी की है। उनकी नजरें सितंबर में टोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करने पर लगी है जिसके लिए स्वत: क्वालीफिकेशन मार्क 8.27 मीटर है। वह 14 अगस्त तक यूरोप और मध्य एशिया में टूर्नामेंट खेलेंगे जिसके लिए सरकार ने 5.58 लाख रुपये मंजूर किए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here