PAK vs BAN: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को पहले T20 में रौंदा, परवेज हुसैन की दमदार अर्धशतकीय पारी

0

नई दिल्ली: बांग्लादेश ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली है। इस मुकाबले में बांग्लादेश की टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मोर्चे पर पाकिस्तान के मुकाबले बीस साबित हुई और उसे नतीजा जीत के रूप में मिला। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को टी20 प्रारूप में किसी मैच में 2 साल के बाद हराया।

इस मुकाबले में बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह से सही साबित हुआ। बांग्लादेशी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम को सिर्फ 19.3 ओवर में 110 रन पर ढेर कर दिया। बांग्लादेश को जीत के लिए 111 रन का आसान लक्ष्य मिला था जिसे इस टीम ने 15.3 ओवर में 3 विकेट पर 112 रन बनाकर हासिल कर लिया। बांग्लादेश के लिए परवेज हुसैन इमोन ने नाबाद अर्धशतकीय (56 रन) पारी खेली।

इस मैच में बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तानी ओपनर बल्लेबाज फखर जमान ने अच्छी पारी खेली और 34 गेंदों पर एक छक्का और 6 चौकों की मदद से 44 रन बनाए। खुशदिल शाह ने 18 रन जबकि अब्बास अफरीदी ने 22 रन की पारी खेली। इनके अलावा सईम अयूब 6 रन तो मोहम्मद हासिल 4 रन जबकि कप्तान सलमान आगा 3 रन बनाकर आउट हो गए। मोहम्मद नवाज ने 3 रन जबकि फहीम अशरफ ने 5 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए तास्कीन अहमद ने 3 जबकि मुस्ताफिजुर रहमान ने 2 विकेट लिए तो वहीं मेंहदी हसन और तंजीम हसन को एक-एक सफलता मिली।

बांग्लादेश को 111 रन का आसान टारगेट मिला था, लेकिन इस टीम के ओपनर बल्लेबाज तंजीद हसन सिर्फ एक रन के स्कोर पर आउट हो गए। बांग्लादेश का पहला विकेट सिर्फ 2 रन पर ही गिर गया। कप्तान लिटन दास भी कुछ खास नहीं कर पाए और वो भी 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बांग्लादेश ने 7 रन पर ही दो विकेट गंवा दिए, लेकिन टीम के ओपनर परवेज हुसैन एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने 39 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाते हुए टीम को जीत दिला दी। अपनी पारी में उन्होंने 5 छक्के 3 चौके भी जड़े। तौहीन ने भी 36 रन की अहम पारी खेली जबकि जाकेर अली 15 रन पर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सलमान मिर्जा ने 2 जबकि अब्बास अफरीदी ने एक विकेट लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here