एशिया कप 2025 अब UAE में, भारत-पाकिस्तान रिश्तों के कारण बदला वेन्यू

0

नई दिल्ली.  एशिया कप 2025 अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला जाएगा। टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होकर 28 सितंबर को खत्म होगा। इसकी जानकारी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने दी है। यह टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में होगा।  मोहसिन नकवी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि एशिया कप अब आधिकारिक रूप से UAE में खेला जाएगा। हम सभी को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।” शेड्यूल की पूरी जानकारी जल्द दी जाएगी।  हालांकि एशिया कप 2025 की मेजबानी भारत को मिली थी, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के कारण टूर्नामेंट को न्यूट्रल वेन्यू यानी UAE में शिफ्ट किया गया है।

भारत-पाक तनाव के चलते बदला स्थान
पिछले कुछ महीनों में भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में और तनाव बढ़ा है। अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने 6-7 मई को ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। ऐसे हालात में भारत पाकिस्तान जाकर मैच खेलने को तैयार नहीं है, इसलिए ACC ने टूर्नामेंट को UAE में करवाने का फैसला लिया।  1984 से शुरू हुए एशिया कप में अब तक 16 संस्करण हो चुके हैं। भारत ने इसे सबसे ज्यादा 8 बार जीता है। श्रीलंका 6 बार और पाकिस्तान 2 बार विजेता बना है। 2023 में भारत ने श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था।

पिछले टूर्नामेंट भी हुए थे न्यूट्रल वेन्यू पर
2023 के वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम भारत आई थी, जबकि इस साल फरवरी-मार्च में हुई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने पाकिस्तान जाकर मैच नहीं खेले थे। भारत के सारे मुकाबले UAE में कराए गए थे।

भारत-पाक के बीच द्विपक्षीय सीरीज बंद
2008 के मुंबई हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है। दोनों टीमें सिर्फ ICC या ACC टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आती हैं। ऐसे में भारत-पाक मैच दुनियाभर में करोड़ों दर्शकों को आकर्षित करता है और आयोजकों को भारी मुनाफा होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here