इंग्लैंड की पहली पारी 669 रनों पर सिमटी, भारत 289 रन से पीछे
मैनचेस्टर. इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट के चौथे दिन भारत की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज़ 22 रन पर अपने 2 विकेट गंवा दिए हैं। ओपनर यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। दोनों को इंग्लैंड के गेंदबाज़ क्रिस वोक्स ने लगातार दो गेंदों पर आउट किया। इस समय भारतीय टीम इंग्लैंड से 289 रन पीछे है। क्रीज़ पर केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल मौजूद हैं। चौथे दिन इंग्लैंड ने पहली पारी में जोरदार बल्लेबाज़ी करते हुए 669 रन बनाए। यह ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इंग्लैंड ने 1964 में ऑस्ट्रेलिया द्वारा बनाए गए 656/8 के रिकॉर्ड को तोड़ा। इंग्लैंड की ओर से जो रूट ने शानदार 150 रन बनाए, जबकि कप्तान बेन स्टोक्स ने 141 रन की दमदार पारी खेली। ओपनर बेन डकेट 94, जैक क्रॉली 84 और ओली पोप 71 रन बनाकर आउट हुए। निचले क्रम में ब्रायडन कार्स ने 47 रन का योगदान दिया।भारत की ओर से रवींद्र जडेजा सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 4 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर को 2-2 विकेट मिले। वहीं मोहम्मद सिराज और अंशुल कम्बोज को एक-एक सफलता मिली।
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अंशुल कम्बोज।
इंग्लैंड: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ, लियम डॉसन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स।


