टिम डेविड की ताबड़तोड़ सेंचुरी से ऑस्ट्रेलिया ने रचा इतिहास

0

37 गेंदों में तूफानी शतक, वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ T20I सीरीज़ में 3-0 की अजेय बढ़त

बासटेयर.  वेस्टइंडीज़ और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दर्शकों को रोमांच और रनों की बरसात का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। मैच का केंद्रबिंदु रहे ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज़ टिम डेविड, जिन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में नाबाद 102 रनों की तूफानी पारी खेलकर न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि T20I क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। यह मुकाबला कैरेबियन के बासेटेरे मैदान पर खेला गया, जहां वेस्टइंडीज़ ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 214 रन बनाए। मेज़बान टीम की ओर से शे होप ने जबरदस्त बल्लेबाज़ी करते हुए नाबाद 102 रन बनाए और T20I में शतक जड़ने वाले वेस्टइंडीज़ के दूसरे खिलाड़ी बने जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में सेंचुरी बनाई हो। उनसे पहले यह उपलब्धि केवल क्रिस गेल को हासिल थी। इसके अलावा होप पहले विकेटकीपर-कप्तान भी बने जिन्होंने T20I में शतक लगाया।

लेकिन मुकाबले की असली कहानी तब शुरू हुई जब ऑस्ट्रेलिया लक्ष्य का पीछा करने उतरी। शुरुआत में टीम को झटके ज़रूर लगे लेकिन मिडिल ऑर्डर में आए टिम डेविड ने गेंदबाज़ों की एक न सुनी। उन्होंने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बारिश करते हुए सिर्फ 37 गेंदों में अपना पहला T20I शतक पूरा किया। यह ऑस्ट्रेलिया के लिए T20I में सबसे तेज़ शतक है। इससे पहले जॉश इंग्लिस ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 43 गेंदों में शतक बनाया था।  डेविड ने अपनी पारी में कुल 11 छक्के और 4 चौके लगाए। उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया जो ऑस्ट्रेलिया के T20 इतिहास का सबसे तेज़ अर्धशतक है। इससे पहले यह रिकॉर्ड मार्कस स्टॉयनिस और ट्रैविस हेड के नाम संयुक्त रूप से था। डेविड ने अपनी पहली 26 गेंदों में ही 10 छक्के जड़ दिए, ऐसा करने वाले वह दुनिया के सिर्फ चौथे बल्लेबाज़ बने हैं।

उनकी इस आक्रामक पारी में साथ दिया युवा खिलाड़ी मिचेल ओवेन ने। दोनों के बीच 128 रनों की साझेदारी हुई जो T20I में ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। यह साझेदारी पांचवें विकेट के लिए थी और किसी भी टीम द्वारा चेज़ के दौरान सबसे बड़ी पांचवीं विकेट साझेदारी भी है। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज़ में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज़ में T20I सीरीज़ जीती है। इससे पहले कैरेबियन दौरे पर उन्हें सफलता नहीं मिली थी।  ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला सिर्फ 16.1 ओवर में जीत लिया। यह 200+ लक्ष्य का चौथा सबसे तेज़ चेज़ है। 2025 में ही इससे तेज़ तीन अन्य रनचेज़ भी हुए हैं। खास बात यह रही कि ऑस्ट्रेलिया ने 7वें से 16वें ओवर के बीच 146 रन बनाए, जो इस ओवर फेज़ में उनका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इस फेज़ में अकेले डेविड ने 94 रन बनाए, जो T20I के आंकड़ों में तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।  टिम डेविड ऑस्ट्रेलिया के पहले बल्लेबाज़ बने जिन्होंने नंबर 5 या उससे नीचे बल्लेबाज़ी करते हुए T20I शतक लगाया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के सभी शतक टॉप-4 बल्लेबाज़ों ने ही बनाए थे। इसके अलावा वे रनचेज़ में नंबर 5 या नीचे से शतक लगाने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं। पहले खिलाड़ी न्यूज़ीलैंड के मार्क चैपमैन थे जिन्होंने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ 104* रन बनाए थे। इस मैच के साथ ऑस्ट्रेलिया ने T20I में 200 या उससे ज्यादा रन के लक्ष्य को छठी बार सफलतापूर्वक चेज़ किया, जो इस फॉर्मेट में दुनिया में सबसे ज़्यादा है। भारत और साउथ अफ्रीका ने यह कारनामा 5-5 बार किया है।  दूसरी तरफ, वेस्टइंडीज़ छठी बार 200+ स्कोर डिफेंड करने में नाकाम रहा, जो कि T20I में एक नकारात्मक रिकॉर्ड बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here