ओवल में आखिरी टेस्ट शतक जड़ने वाला खिलाड़ी इस बार नहीं है टीम का हिस्सा

0

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का अंतिम और निर्णायक मुकाबला 31 जुलाई से लंदन के ओवल मैदान पर खेला जाएगा। मौजूदा समय में भारत सीरीज में 1-2 से पीछे है और उसकी कोशिश होगी कि यह मैच जीतकर स्कोर 2-2 से बराबर किया जाए। इस मुकाबले से पहले एक दिलचस्प तथ्य यह है कि ओवल के मैदान पर आखिरी टेस्ट शतक किसी और ने नहीं बल्कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने जड़ा था। उन्होंने यह शानदार शतक 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था, जो उनके टेस्ट करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक रही।

शानदार शतक से दिलाई भारत को बढ़त

2021 में खेले गए ओवल टेस्ट मैच में रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था। उन्होंने दूसरी पारी में 256 गेंदों पर 127 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 1 छक्का शामिल था। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 49.60 रहा। रोहित की इस पारी ने टीम इंडिया को 466 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, उन्होंने आईपीएल 2025 के दौरान टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया, जिस कारण वे मौजूदा सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।

ओवल में राहुल द्रविड़ का दबदबा

भारत के लिए ओवल के मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम दर्ज है। वे एकमात्र भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस ऐतिहासिक मैदान पर दो बार सेंचुरी ठोकी है—पहली बार 2002 में और दूसरी बार 2011 में। उनके अलावा सुनील गावस्कर, कपिल देव, विजय मर्चेंट, अनिल कुंबले, ऋषभ पंत, केएल राहुल, रोहित शर्मा और रवि शास्त्री जैसे दिग्गजों ने भी यहां एक-एक शतक जमाया है।

भारतीय टॉप ऑर्डर ने दिखाया दमखम

इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर जैसे प्रमुख बल्लेबाजों ने शतक लगाकर टीम को मजबूती दी है। हालांकि, टीम के लिए एक झटका यह है कि ऋषभ पंत चोटिल होकर पांचवें टेस्ट से बाहर हो गए हैं। इसके बावजूद बाकी बल्लेबाज अपनी शानदार फॉर्म को अंतिम मुकाबले में भी जारी रखना चाहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here