खेलों के जरिये एमपी का नाम रोशन करें : खेल मंत्री सारंग

0

(NST News) भोपाल. तात्या टोपे स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में खेल मंत्री  विश्वास सारंग ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन करें और मध्यप्रदेश का नाम देशभर में रोशन करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के उन्नयन के लिए हर सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर खेल संचालक राकेश कुमार गुप्ता, संयुक्त संचालक बीएस यादव और मुख्य कोच रोशन लाल उपस्थित थे।

मंत्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश जल्द ही बॉक्सिंग सहित अन्य खेलों में अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई खेल नीति से खिलाड़ियों और खेल संघों को मजबूती मिली है और एक विस्तारित विधेयक भी संसद में प्रस्तुत किया गया है। मंत्री ने बताया कि उनके सुझाव पर नेशनल स्पोर्ट्स ट्रिब्यूनल की भी घोषणा की गई है।

खेल मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हर विधानसभा क्षेत्र में खेल स्टेडियम बनवाया जा रहा है ताकि युवा प्रतिभाओं को अवसर मिले। अक्टूबर में आयोजित होने वाले एमपी यूथ गेम्स केवल औपचारिकता नहीं होंगे, बल्कि इससे राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का चयन भी किया जाएगा। समारोह के दौरान उज्जैन के लोकेश काग, भोपाल की अशिता रावत, विनय सोलंकी और ग्वालियर की अंशिका तिवारी को सम्मानित किया गया। मंत्री ने “नशे से दूरी, है जरूरी” अभियान के तहत सभी को शपथ भी दिलाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here