स्कूल शिक्षा विभाग का खेल कैलेंडर बना चुनौती, बारिश में हो रहे मैच, खिलाड़ी बेहाल

0

वालीबॉल प्रतियोगिता (4-6 अगस्त) को लेकर हो रही है आलोचना

(NST News)  भोपाल.ज़िला शिक्षा कार्यालय द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए जारी स्कूल खेल कैलेंडर विवादों में आ गया है। कोच और खिलाड़ी दोनों ही इसकी टाइमिंग और मैदान की हालत को लेकर नाराज़गी ज़ाहिर कर रहे हैं। सबसे अधिक आलोचना वालीबॉल प्रतियोगिता (4-6 अगस्त) को लेकर हो रही है, जिसे तुलसी नगर स्थित एक निजी स्कूल में आयोजित किया जाएगा। यहां सिर्फ एक ही वॉलीबॉल कोर्ट है और उसमें U-14, U-17 और U-19 बालक-बालिका वर्ग के छह वर्गों के मुकाबले तय किए गए हैं। बारिश के इस मौसम में ज़्यादातर मैदानों में जलभराव और कीचड़ है। कोचों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आयोजक समय बचाने के लिए हर मुकाबला सिर्फ 15-15 अंकों में निपटा रहे हैं। इससे खिलाड़ियों को न तो पूरी तरह खेलने का मौका मिल रहा है और न ही वे अपनी तैयारी के अनुरूप प्रदर्शन कर पा रहे हैं। कई बार तो खिलाड़ियों को बिना वार्मअप के भी खेलना पड़ रहा है।

चोंट लगने का लगा रहता है डर

एक कोच ने बताया कि इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता के लिए सिर्फ एक कोर्ट और तीन दिन पर्याप्त नहीं हैं। ऊपर से बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। बच्चों को कीचड़ में खेलना पड़ रहा है और गिरने से चोट लगने का खतरा बना रहता है। शिक्षकों का यह भी कहना है कि जिला स्तर के अन्य खेल जैसे खो-खो, कबड्डी, सॉफ्टबॉल, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और कुश्ती भी जुलाई-अगस्त की बारिश के मौसम में आयोजित किए जा रहे हैं, जो खिलाड़ियों के लिए असुरक्षित है।

31 जुलाई को है बैठक

31 जुलाई को  स्कूल में कोचों की बैठक रखी गई है जिसमें सभी को लॉगबुक और पात्रता दस्तावेज लाने को कहा गया है। कोचों को उम्मीद है कि इस बैठक में कम से कम आयोजन स्थल और समय पर पुनर्विचार की बात उठाई जाएगी। खिलाड़ियों और कोचों की मांग है कि खेल आयोजनों को या तो बारिश के बाद शिफ्ट किया जाए या इनडोर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि प्रतियोगिताएं सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से हो सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here