(NST News) भोपाल. स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) ने तीरंदाजी, वुशु, योगासन और भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) जैसे खेलों के लिए नए नियम लागू करने का फैसला किया है। यह निर्णय 14 जून 2025 को नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित SGFI की वार्षिक महासभा में लिया गया। SGFI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ सुरेश दोशी ने 31 जुलाई को सभी संबद्ध इकाइयों को पत्र भेजकर नए नियमों की जानकारी दी। यह नियम अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों के ताज़ा दिशानिर्देशों के अनुरूप तैयार किए गए हैं और इन्हें SGFI की तकनीकी समिति के चेयरमैन की सिफारिश पर लागू किया गया है। नए नियम आगामी 69वीं राष्ट्रीय स्कूल चैंपियनशिप के साथ-साथ राज्य और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में भी लागू होंगे। SGFI ने सभी राज्य इकाइयों और आयोजकों से आग्रह किया है कि वे इन्हें अपने आयोजनों में अपनाएं। यह कदम स्कूली खेलों की गुणवत्ता बढ़ाने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में सहायक होगा। नए नियम SGFI की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।


