Football: फीफा की बड़ी पहल, भारत में शुरू की टैलेंट हंट प्रोग्राम

0

नई दिल्ली: फीफा (फुटबॉल की वैश्विक संचालक संस्था) ने भारत में फुटबॉल प्रतिभाओं को संवारने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। शनिवार को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के सहयोग से फीफा ने देश में अपनी पहली प्रतिभा अकादमी की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य उभरते हुए युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करना है। हैदराबाद में स्थापित इस अकादमी के जरिए भारत में फुटबॉल के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे भविष्य में देश को विश्वस्तरीय खिलाड़ी मिल सकें।

एआईएफएफ की एक विज्ञप्ति के अनुसार, यह अकादमी यहां गाचीबावली स्टेडियम परिसर में स्थित होगी और 60 उत्कृष्ट खिलाड़ियों ( अंडर 14 वर्ग के 30 लड़के और अंडर 16 वर्ग की 30 लड़कियां) को आवासीय सुविधाओं, शिक्षा, चिकित्सा देखभाल, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य के साथ साल भर उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण प्रदान करेगी, जिसमें प्रत्येक वर्ग में तेलंगाना के 10 खिलाड़ी शामिल होंगे। एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने इस शुरुआत को भारत में इस खेल के लिए के लिए एक ‘निर्णायक क्षण’ करार दिया।

चौबे ने कहा, ‘लड़कियों के लिए भारत की पहली और लड़कों के लिए दूसरी फीफा कौशल अकादमी का शुभारंभ, समान फुटबॉल विकास की दिशा में हमारी यात्रा में एक निर्णायक क्षण है। तेलंगाना सरकार के साथ फीफा की वैश्विक प्रतिभा विकास योजना के तहत यह सहयोग, पूरे देश से युवा प्रतिभाओं ( खासकर लड़कियों) को पहचानने, पोषित करने और सशक्त बनाने के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।’

उन्होंने कहा कि यह अकादमी देश को अंडर-17 पुरुष और महिला फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के सपने को साकार करने में मदद करेगी। एआईएफएफ फीफा के साथ समन्वय में संचालन, तकनीकी ढांचा, देश भर में प्रतिभा की खोज और प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का नेतृत्व करेगा, जबकि तेलंगाना सरकार का खेल प्राधिकरण खिलाड़ियों के बुनियादी ढांचे, रसद, शिक्षा, वित्तीय और कल्याणकारी सहायता की देखरेख करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here