क्विटो (इक्वाडोर): छह बार विश्व की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रह चुकीं मार्टा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ब्राजील की महिला फुटबॉल टीम ने एक बार फिर अपना दमखम साबित किया। कोपा अमेरिका फेमिनिना के फाइनल में ब्राजील ने रोमांचक मुकाबले में कोलंबिया को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले के दौरान ब्राजील की टीम तीन बार पिछड़ी, लेकिन हर बार जबरदस्त वापसी करते हुए खेल को बराबरी पर लाया और अंततः शूटआउट में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का अपना नौवां खिताब जीत लिया। मार्टा की नेतृत्व क्षमता और अनुभव ने इस जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ महिला फुटबॉलर 39 वर्षीय मार्टा ने 82वें मिनट में मैदान पर कदम रखा और इंजरी टाइम के छठे मिनट में गोल करके ब्राजील को 3-3 से बराबरी पर ला दिया। इसके बाद उन्होंने अतिरिक्त समय में भी गोल किया जिससे ब्राजील ने पहली बार मैच में बढ़त बनाई।
लेसी सैंटोस ने 115वें मिनट में गोल करके कोलंबिया को 4-4 की बराबरी पर ला दिया और मैच पेनल्टी शूटआउट में चला गया। गोलकीपर लोरेना दा सिल्वा ने शूटआउट में दो पेनल्टी बचाकर ब्राजील को महाद्वीपीय चैंपियनशिप में लगातार पांचवां खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। ब्राज़ील ने पिछले पांच फाइनल में चौथी बार कोलंबिया को हराया। छह विश्व कप और छह ओलंपिक खेल चुकी मार्टा ने ब्राजील की तरफ से 206 मैचों में 122 गोल किए हैं। ब्राजील की तरफ से 45वें मिनट में एंजेलिना अलोंसो और 80वें मिनट में अमांडा गुटिएरेस ने भी गोल किए। कोलंबिया के लिए लिंडा कैसेडो ने 25वें मिनट में, मायरा रामिरेज़ ने 88वें मिनट में और सैंटोस ने गोल किए। ब्राज़ील की डिफेंडर टार्सियाने ने 69वें मिनट में आत्मघाती गोल भी किया।


