– मध्यप्रदेश सरकार करेगी खिलाड़ियों और कोचों का सम्मान, रवींद्र भवन में शाम 5 बजे होगा भव्य कार्यक्रम, 27 खिलाड़ी और कोच होंगे सम्मानित
(NST News) भोपाल. उत्तराखंड में आयोजित 37वें नेशनल गेम्स (28 अक्टूबर से 14 नवंबर 2023) में शानदार प्रदर्शन करने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को 5 अगस्त को होने वाले विक्रम अवॉर्ड समारोह में सम्मानित किया जाएगा। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 6-6 लाख रुपये, रजत विजेताओं को 4-4 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 3-3 लाख रुपये की इनामी राशि दी जाएगी। यह पुरस्कार समारोह भोपाल के रवींद्र भवन में शाम 5 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल मंत्री विश्वास सारंग खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। राज्य शासन द्वारा खिलाड़ियों को सम्मानित करने की यह परंपरा हर वर्ष निभाई जाती है। इस बार के कार्यक्रम में विक्रम अवॉर्ड, एकलव्य अवॉर्ड, विश्वामित्र अवॉर्ड और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के लिए चयनित कुल 27 खेल हस्तियों और कोचों को पुरस्कृत किया जाएगा। साल 2023 के लिए चयनित नामों की घोषणा अप्रैल माह में की गई थी, और अब उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
नेशनल गेम्स में मध्यप्रदेश ने कुल 82 पदक जीते थे
इस कार्यक्रम के जरिए सरकार का उद्देश्य प्रदेश में खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और खेलों को बढ़ावा देना है। आयोजकों के अनुसार, इस बार नेशनल गेम्स में मध्यप्रदेश ने कुल 82 पदक (26 गोल्ड, 22 सिल्वर, 34 ब्रॉन्ज) जीते थे। इसलिए यह समारोह खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का जश्न भी है। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और कोचों को प्रदेश स्तर पर नई पहचान देने के साथ ही भविष्य में बेहतर प्रशिक्षण और संसाधनों की दिशा में भी सरकार नई योजनाएं लाने की तैयारी कर रही है।
शिखर खेल अलंकरण 2023 के अंतर्गत मध्यप्रदेश सरकार द्वारा कुल 27 खिलाड़ियों, 3 कोचों और 1 वरिष्ठ खेल हस्ती को सम्मानित किया जाएगा। इसमें चार श्रेणियों — एकलव्य पुरस्कार, विक्रम पुरस्कार, विश्वामित्र पुरस्कार और लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार शामिल हैं। एकलव्य पुरस्कार की श्रेणी में 11 खिलाड़ियों को 1 लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। ये खिलाड़ी हैं — टीकमगढ़ के रितुराज बुन्देला (शूटिंग), महेश्वर की भूमि बघेल (क्याकिंग/केनोइंग), इंदौर के कृष्णा मिश्रा (स्क्वैश) और प्रखर जोशी (तैराकी), राजगढ़ की पूजा दांगी (फेंसिंग), ग्वालियर के प्रभाकर सिंह राजावत (रोइंग) और अंकित पाल (हॉकी), देवास की नेहा ठाकुर (सेलिंग), खरगोन के अर्जुन वास्कले (एथलेटिक्स), उज्जैन की प्रियांशी प्रजापत (कुश्ती) और मुरैना के गौरव पचैरी (पावर लिफ्टिंग)।
विक्रम पुरस्कार के अंतर्गत 12 खिलाड़ियों को 2 लाख रुपये की इनामी राशि और सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसमें शामिल हैं — खरगोन के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (शूटिंग), भोपाल की जाहन्वी श्रीवास्तव (क्याकिंग/केनोइंग) और श्रुति यादव (बॉक्सिंग), जबलपुर की रागिनी मार्काे (तीरंदाजी) और रूबिना फ्रांसिस (शूटिंग), छिंदवाड़ा की शिवानी पवार (कुश्ती) और भावना डेहरिया (पर्वतारोहण – माउंट एवरेस्ट), सागर की यामिनी मौर्य (जुडो), देवास के सचिन भार्गव (खो-खो), मंदसौर की नीलू डांडिया (हॉकी), इंदौर के प्रवीण दवे (सॉफ्टबॉल) और अपूर्व दुबे (पावर लिफ्टिंग)।
विश्वामित्र पुरस्कार कोचिंग क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले 3 प्रशिक्षकों को दिया जाएगा, जिनमें भोपाल के पीजूष कांती बरौई (क्याकिंग/केनोइंग), जबलपुर के अशोक कुमार यादव (तीरंदाजी) और भोपाल के लोकेन्द्र शर्मा (हॉकी) शामिल हैं। इन्हें 2 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार उज्जैन के रतनलाल वर्मा को उनकी जिम्नास्टिक में दीर्घकालीन सेवाओं के लिए प्रदान किया जाएगा, जिनके साथ 2 लाख रुपये की सम्मान राशि भी दी जाएगी। इस प्रकार शिखर खेल अलंकरण 2023 में कुल 27 खिलाड़ियों, 3 प्रशिक्षकों और 1 वरिष्ठ खेल हस्ती को सम्मिलित करते हुए 43 लाख रुपये की इनामी राशि वितरित की जाएगी। यह आयोजन राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


