नई दिल्ली: इंग्लैंड में इन दिनों रॉयल वनडे कप के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इसी कड़ी में 05 अगस्त को ग्रुप-ए के तहत हैम्पशायर और ग्लेमोर्गन के बीच मुकाबला हुआ। इस मैच में टीम इंडिया और मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने हैम्पशायर के लिए रॉयल वनडे कप में अपना डेब्यू किया। हालांकि, तिलक वर्मा अपने पहले वनडे मुकाबले में कुछ खास नहीं कर पाए और सिर्फ 3 गेंदें खेलकर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इससे पहले वे हैम्पशायर के लिए काउंटी चैंपियनशिप का मुकाबला खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन किया था।
डेब्यू मैच में फ्लॉप रहे तिलक वर्मा, नेड लियोनार्ड ने किया क्लीन बोल्ड
रॉयल वनडे कप के अपने पहले मुकाबले में तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। लेकिन उन्हें नेड लियोनार्ड ने असा ट्राइब के हाथों कैच आउट करवाया। उन्होंने स्लिप में एक शानदार कैच पकड़ा और इसके लिए उन्हें काफी वाहवाही भी मिली। आपको बता दें कि इससे पहले काउंटी चैंपियनशिप में तिलक वर्मा ने हैम्पशायर के लिए 6 मैचों में 59 से अधिक की औसत से 358 रन बनाए थे।
निक गब्बिंस की शतकीय पारी ने दिलाया मजबूत स्कोर
भले ही तिलक वर्मा इस मैच में खाता नहीं खोल पाए, लेकिन उनकी टीम हैम्पशायर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 82 रनों से बड़ी जीत हासिल की। यह जीत टीम के संतुलित प्रदर्शन का नतीजा रही। मुकाबले की बात करें तो हैम्पशायर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 324 रन बनाने में कामयाब रही। टीम की तरफ से सलामी निक गब्बिंस ने सबसे ज्यादा 144 रन बनाए। उन्होंने अपनी 147 गेंदों की इस पारी के दौरान 15 चौके और 4 छक्के लगाने में कामयाब रहे। उनके अलावा बेन मायेस ने 55 गेंदों पर 74 रनों की शानदार पारी खेली।
किरन कार्लसन का शतक नहीं दिला सका जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्लेमोर्गन की टीम ने पूरे 50 ओवर खेले, लेकिन सिर्फ 252 रन ही बना सकी। टीम के लिए किरन कार्लसन ने शानदार शतकीय पारी खेली। लेकिन उनकी ये पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। उनके अलावा इडी बेरोम ने 29 और एलेक्स हॉर्टन ने 35 रनों का योगदान दिया है। मैनी लुम्स्डेन हैम्पशायर के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। उनके अलावा इडी जैक और डोमिनिक केली ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।


