न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे को पारी और 359 रन से हराया, कॉन्वे प्लेयर ऑफ द मैच

0

बुलवायो. न्यूजीलैंड ने बुलवायो में खेले गए दूसरे टेस्ट में जिम्बाब्वे को एक पारी और 359 रन से हराकर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। यह टीम की टेस्ट इतिहास में तीसरी सबसे बड़ी जीत है। डेब्यू कर रहे जकरी फॉल्क्स ने मैच में 9 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई, जबकि रचिन रवींद्र (165*), डेवोन कॉन्वे (153) और हेनरी निकोल्स (150*) ने शतकीय पारियां खेलीं। शुक्रवार को 476 रन की बढ़त के बाद न्यूजीलैंड ने 3 विकेट पर 601 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। जिम्बाब्वे की टीम पहली पारी में 125 और दूसरी पारी में सिर्फ 117 रन ही बना पाई। मैट हेनरी ने पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 2 विकेट लेकर सीरीज में कुल 16 विकेट हासिल किए और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। वहीं, कॉन्वे ने करीब ढाई साल बाद शतक लगाया और 2000 टेस्ट रन पूरे किए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

न्यूजीलैंड का यह जिम्बाब्वे दौरा अजेय रहा, क्योंकि उन्होंने टी-20 ट्राई-सीरीज और टेस्ट सीरीज के सभी मुकाबले जीते। बल्लेबाजी में रचिन रवींद्र और हेनरी निकोल्स के बीच 256 रन की नाबाद साझेदारी ने जिम्बाब्वे को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। रवींद्र ने 139 गेंदों में 21 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 165* रन बनाए, जबकि निकोल्स ने 245 गेंदों में 150* रन की पारी खेली। गेंदबाजी में जिम्बाब्वे के तीनों मुख्य गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी, ट्रेवर ग्वांडू और विन्सेंट मसकेसा ने 100 से ज्यादा रन लुटाए। 42 महीने के बैन के बाद वापसी कर रहे ब्रैंडन टेलर जिम्बाब्वे के लिए ओपनिंग करने उतरे, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। इस हार के साथ जिम्बाब्वे ने लगातार छठा टेस्ट गंवाया और सीरीज की सभी पारियों में 170 से कम रन बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here