नई दिल्ली : भारतीय टेस्ट टीम के नए कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सबका ध्यान खींचा। उन्होंने 5 मैचों की 10 पारियों में सबसे अधिक 754 रन बनाए, जिसमें 4 शतक और एक दोहरा शतक शामिल रहा। गिल की आक्रामक और संतुलित बल्लेबाजी के साथ उनकी कप्तानी की भी खूब सराहना हुई। उनकी अगुवाई में भारत ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज को 2-2 की बराबरी पर समाप्त किया, जिससे टीम ने इंग्लैंड की मजबूत चुनौती का डटकर सामना किया।
गिल ने अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से शानदार प्रदर्शन करते हुए खूब सुर्खियां बटोरीं और उनकी लोकप्रियता में भी जबरदस्त इजाफा हुआ। इसका सबसे बड़ा उदाहरण इंग्लैंड में हुए एक चैरिटी ऑक्शन में देखने को मिला, जहां उनकी पहली टेस्ट जर्सी को खरीदने के लिए लोगों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा हुई। लॉर्ड्स टेस्ट मैच के दौरान पहनी गई इस जर्सी को नीलामी में सबसे ऊंची 5.40 लाख रुपये की बोली पर खरीदा गया, जो यह साबित करता है कि गिल का नाम और खेल दोनों ही प्रशंसकों के दिलों में खास जगह बना चुके हैं।
शुभमन गिल के अलावा इस चैरिटी नीलामी में केएल राहुल, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और जो रूट की टी-शर्ट भी बोली के लिए रखी गईं, जिन्हें खरीदने में प्रशंसकों ने खासा उत्साह दिखाया। 10 जुलाई से 27 जुलाई तक चली इस नीलामी से जुटाई गई पूरी राशि रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन को सौंपी जाएगी, जो गंभीर और जानलेवा बीमारियों से जूझ रहे परिवारों को सहायता प्रदान करता है।
इस नीलामी में जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा की जर्सियां करीब 4.94 लाख रुपये में बिकीं, जबकि केएल राहुल की जर्सी के लिए 4.70 लाख रुपये की बोली लगी। इंग्लैंड के जो रूट की साइन की हुई जर्सी 4.47 लाख रुपये में नीलाम हुई, वहीं बेन स्टोक्स की जर्सी करीब 4 लाख रुपये में बिकी। इसके अलावा जो रूट की साइन की हुई कैप 3.52 लाख रुपये में और ऋषभ पंत की जर्सी 1.76 लाख रुपये में खरीदी गई।
खिलाड़ियों की जर्सी की कीमत
शुभमन गिल- 5.40 लाख रुपये
जसप्रीत बुमराह- 4.94 लाख रुपये
रविंद्र जडेजा- 4.94 लाख रुपये
केएल राहुल- 4.70 लाख रुपये
जो रूट- 4.47 लाख रुपये
ऋषभ पंत- 1.76 लाख रुपये


