नई दिल्ली: आईसीसी की ताजा बैटिंग रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा नजर आ रहा है। वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में शुभमन गिल पहले स्थान पर कायम हैं, जबकि रोहित शर्मा ने बाबर आजम को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। इस बदलाव के साथ बाबर आजम को एक पायदान का नुकसान हुआ है और वह दूसरे से तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं।
रोहित शर्मा ने बाबर आजम को पीछे छोड़ा
वनडे बैटिंग रैंकिंग में बाबर आजम को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में खराब प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा और वे दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गए। वहीं, श्रेयस अय्यर ताजा रैंकिंग में 8वें स्थान पर पहुंचकर टॉप 10 में जगह बनाने में सफल रहे हैं। इस तरह टॉप 10 में अब भारत के चार बल्लेबाज शामिल हैं—शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर। विराट कोहली इस सूची में चौथे स्थान पर बने हुए हैं।
टी20 बैटिंग रैंकिंग में तिलक वर्मा की बड़ी छलांग
टी20 बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा पहले स्थान पर बरकरार हैं, जबकि तिलक वर्मा ने एक स्थान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के ओपनर ट्रेविस हेड को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वे चौथे पायदान पर खिसक गए, जबकि इंग्लैंड के फिल साल्ट तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव छठे स्थान पर बने हुए हैं, वहीं यशस्वी जायसवाल को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वे टॉप 10 से बाहर होकर 11वें स्थान पर आ गए हैं।
टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में यशस्वी और पंत टॉप 10 में
आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में यशस्वी जायसवाल 5वें स्थान पर हैं, जबकि ऋषभ पंत 8वें नंबर पर हैं। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल इस सूची में 13वें स्थान पर हैं। टेस्ट रैंकिंग में जो रूट पहले नंबर पर काबिज हैं, हैरी ब्रुक दूसरे स्थान पर हैं, केन विलियमसन तीसरे और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ चौथे स्थान पर हैं।
वनडे टीम रैंकिंग में भारत पहले नंबर पर
वनडे टीम रैंकिंग में भारत पहले स्थान पर काबिज है, जबकि पाकिस्तान की टीम इस समय 5वें स्थान पर है। दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की टीम है और तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है। श्रीलंका चौथे स्थान पर मौजूद है, साउथ अफ्रीका छठे और इंग्लैंड आठवें नंबर पर हैं। वहीं, पाकिस्तान को वनडे सीरीज में हराने वाली वेस्टइंडीज की टीम अब 9वें स्थान पर आ गई है।


