नई दिल्ली: इंग्लैंड दौरे पर खेली गई 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान भारतीय टीम को तीसरे नंबर के लिए कोई भरोसेमंद बल्लेबाज नहीं मिल पाया। इस स्थान पर साई सुदर्शन और करुण नायर दोनों को मौका दिया गया, लेकिन दोनों ही उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। नतीजा यह रहा कि टीम मैनेजमेंट को आगे भी टेस्ट प्रारूप में तीसरे क्रम के लिए एक ठोस और स्थायी बल्लेबाज की तलाश जारी रखनी होगी।
भारतीय टीम फिलहाल रेड बॉल क्रिकेट में बदलाव के दौर से गुजर रही है और इस दौरान कई तरह के प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी बीच पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बंगाल के बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन का समर्थन किया है। गांगुली का मानना है कि ईश्वरन भारतीय टेस्ट टीम में तीसरे नंबर की पोजीशन हासिल करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और उन्हें इस स्थान के लिए गंभीर दावेदार माना जाना चाहिए।
अभिमन्यु ईश्वरन को तीसरे नंबर पर मिल सकता है मौका
ईश्वरन हाल ही में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के विदेशी दौरों पर भारतीय टीम का हिस्सा रहे, लेकिन दोनों ही सीरीज में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला और बेंच पर बैठना पड़ा। यहां तक कि जब रोहित शर्मा 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पर्थ टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं थे, तब भी यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनर के रूप में केएल राहुल को प्राथमिकता दी गई। बावजूद इसके, सौरव गांगुली का मानना है कि 28 वर्षीय ईश्वरन के पास अभी भी तीसरे नंबर की पोजीशन अपने नाम करने का सुनहरा मौका है।
गांगुली ने टीओआई से बातचीत में कहा कि उम्र अभिमन्यु ईश्वरन के पक्ष में है और उन्हें अब भी भरोसा है कि उन्हें मौका मिलेगा। गांगुली के मुताबिक, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा जैसे बल्लेबाजों ने तो रन बनाए हैं, लेकिन तीसरे नंबर की पोजीशन थोड़ी कमजोर दिख रही थी। उन्होंने सुझाव दिया कि शायद वहां अभिमन्यु ईश्वरन को आजमाया जा सकता है। फिलहाल ईश्वरन 2025 दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए खेलने को तैयार हैं। भारत का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज है, ऐसे में संभव है कि अभिमन्यु को टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिल जाए।


