नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान संजू सैमसन का फ्रेंचाइजी से अलग होने का विवाद गहराता जा रहा है। Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसन ने RR मैनेजमेंट से रिलीज की औपचारिक मांग कर दी है। इसकी बड़ी वजह पिछले सीजन में जोस बटलर का रिलीज होना बताया जा रहा है, जिससे सैमसन नाराज थे। संजू के बदले RR ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से रवींद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड या शिवम दुबे में से किसी एक को देने की मांग की थी, जिसे CSK ने ठुकरा दिया। चेन्नई ने खिलाड़ियों के बदले कैश ऑफर किया, लेकिन राजस्थान ने इसे नहीं माना।
CSK सैमसन को एमएस धोनी के संभावित रिप्लेसमेंट के रूप में देख रही है और अगर ट्रैड नहीं हुआ तो वे मेगा ऑक्शन में बोली लगाने को तैयार हैं। वहीं, राजस्थान दूसरी टीमों से भी बात कर रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स इस रेस में मानी जा रही हैं। अगर कोई टीम सही डील दे देती है तो सैमसन ऑक्शन से पहले ही दूसरी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय रॉयल्स के हाथ में है, इसलिए उनका रिटेन होना भी संभव है।
पिछले सीजन इंजरी के कारण सैमसन कुछ मैच नहीं खेल पाए थे, और उनकी गैरमौजूदगी में रियान पराग ने कप्तानी संभाली थी। बटलर के जाने के बाद टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। सैमसन ने पहले भी कहा था कि बटलर को रिलीज करना उनके लिए सबसे कठिन फैसला था और अगर मौका मिले तो वे IPL का यह नियम बदलना चाहेंगे कि हर 3 साल में खिलाड़ियों को रिलीज करना जरूरी हो।


