Chennai Grand Masters: कीमर ने एक दौर बाकी रहते जीता चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स खिताब, फॉरेस्ट से मुकाबला रहा ड्रॉ

0

चेन्नई: जर्मनी के 20 वर्षीय ग्रैंडमास्टर विन्सेंट कीमर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एक दौर शेष रहते ही चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। सफेद मोहरों से खेलते हुए उन्होंने नीदरलैंड के जोर्डन वैन फॉरेस्ट के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ खेला, जबकि अन्य परिणाम उनके पक्ष में रहे। इस जीत के साथ कीमर न केवल टूर्नामेंट के चैंपियन बने, बल्कि लाइव रेटिंग सूची में दुनिया के शीर्ष 10 खिलाड़ियों में जगह बनाकर शतरंज जगत के दिग्गजों की श्रेणी में शामिल हो गए।

कीमर ने रेटिंग में शीर्ष 10 में पहुंचने को बताया बड़ी उपलब्धि

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कीमर ने कहा, लाइव रेटिंग में शीर्ष 10 में प्रवेश करना बड़ी उपलब्धि है जिसे मैं लंबे समय से हासिल करना चाहता था और मुझे बहुत खुशी है कि आखिरकार मेरी कड़ी मेहनत रंग लाई। टूर्नामेंट जीतना और साथ ही शीर्ष 10 में जगह बनाना मेरे लिए शानदार और बेहद खास है। हालांकि टूर्नामेंट कल भी जारी रहेगा। इसलिए मैं अपना ध्यान केंद्रित रखना और आखिरी दौर के लिए तनाव बनाए रखना पसंद करता हूं।

मास्टर्स वर्ग में सभी पांच बाजी ड्रॉ रही जिससे अंतिम दौर में दूसरे और तीसरे स्थान के लिए दावेदारी खुली है। नौवें दिन एक-दूसरे से भिड़ने वाले अर्जुन एरिगेसी और कार्तिकेयन मुरली कई करीबी दावेदारों के साथ प्रतिस्पर्धा में बने हुए हैं और अंतिम दिन हर आधा अंक रैंकिंग और महत्वपूर्ण फिडे रेटिंग लाभ, दोनों के लिए महत्वपूर्ण होगा। चैलेंजर्स वर्ग में ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम (6.5) ने ग्रैंडमास्टर हरिका द्रोणावल्ली पर महत्वपूर्ण जीत के साथ अंक तालिका पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और अंतिम दिन आधे अंक की बढ़त ले ली।

ग्रैंडमास्टर प्रणेश के ठीक पीछे अभिमन्यु पुराणिक ने ग्रैंडमास्टर दिप्तायन घोष को हराकर अपनी दावेदारी बरकरार रखी, जबकि ग्रैंडमास्टर लियोन ल्यूक मेंडोंका ने ग्रैंडमास्टर पा इनियान के साथ ड्रॉ खेलते हुए अभिमन्यु के बराबरी पर स्थान बनाए रखा। ये दोनों खिलाड़ी प्रणेश से मात्र आधा अंक पीछे हैं। वहीं, ग्रैंडमास्टर अधिबान भास्करन ने अंतरराष्ट्रीय मास्टर हर्षवर्धन जीबी को मात दी, और ग्रैंडमास्टर आर्यन चोपड़ा ने ग्रैंडमास्टर वैशाली रमेशबाबू को हराकर अपनी जीत दर्ज की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here