TNPL: ‘रॉकेट’ रहेजा ने अश्विन-वरुण चक्रवर्ती को किया तहस-नहस, 185 का स्ट्राइक रेट, IPL पर सबकी नजरें

0

नई दिल्ली: तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) के पिछले दो सीजन में विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करने के कारण तुषार रहेजा को ‘रॉकेट रहेजा’ के नाम से जाना जाने लगा है। उन्होंने वरुण चक्रवर्ती और रविचंद्रन अश्विन जैसे गेंदबाजों के खिलाफ ताबड़तोड़ रन बनाए हैं। तुषार न केवल ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में खेल सकते हैं, बल्कि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं, जिससे टी20 क्रिकेट में उनकी डिमांड और बढ़ जाती है। उन्होंने तमिलनाडु की सीमित ओवरों की टीमों के साथ भी खेला है और काफी सुर्खियां बंटोरी हैं। ऐसे में इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के ऑक्शन से पहले उनकी काफी डिमांड रहने की संभावना है।

तुषार रहेजा बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज हैं और उनके पास कई तरह के शॉट खेलने की क्षमता है। 24 वर्षीय यह खिलाड़ी हमेशा से तेज गेंदबाजों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते आए हैं। टीएनपीएल 2025 में उन्होंने वरुण चक्रवर्ती और रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ महत्वपूर्ण रन बनाए और तिरुप्पुर तमीजहंस को अपना पहला खिताब जीतने में मदद की। उनके स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ प्रदर्शन से कप्तान आर साई किशोर इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि यह विकेटकीपर-बल्लेबाज आईपीएल के लिए पूरी तरह तैयार है।

‘रॉकेट’ रहेजा ने 185.55 की स्ट्राइक रेट से बनाए 488 रन

रहेजा ने आईपीएल 2025 से पहले और उसके दौरान कई ट्रायल्स में हिस्सा लिया था, जिसमें एक मिड-सीजन ट्रायल भी शामिल था, लेकिन वे लीग में जगह नहीं बना पाए। उन्होंने इन ट्रायल्स से मिली फीडबैक और अनुभव का इस्तेमाल करते हुए आगामी नीलामी में अपनी दावेदारी मजबूत की है। TNPL 2025 में तुषार ने 9 पारियों में 61 की औसत और 185.55 की स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 488 रन बनाए। इसमें डिंडीगुल ड्रैगन्स के खिलाफ फाइनल में अश्विन के खिलाफ खेलकर बनाए गए 77 रन भी शामिल हैं।

आईपीएल से पहले ट्रायल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तुषार रहेजा ने बताया, “मुझे लगा कि मैंने दिल्ली ट्रायल्स में अच्छा प्रदर्शन किया था और फिर मुझे टूर्नामेंट के दौरान भी दोबारा बुलाया गया। यह एक बेहतरीन अनुभव था और इससे मुझे आगे बढ़ने में काफी मदद मिली। मैं प्रियांश आर्य जैसे खिलाड़ियों में से था जिन्हें इस साल के आईपीएल ट्रायल के लिए चुना गया था। नीलामी के बाद मैंने खुद की तुलना उनसे करने की कोशिश की, यह समझने के लिए कि वे क्या सही कर रहे हैं और मैं क्या सुधार सकता हूं।”

ट्रायल से मिले अनुभव और सीख: खुलासा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तुषार रहेजा ने कहा, “ट्रायल्स में अन्य खिलाड़ियों को देखना, उनके वीडियो अध्ययन करना और आईपीएल में उन्हें खेलते हुए देखना मुझे बहुत कुछ सिखाने वाला अनुभव रहा। हेमंग बदानी, राहुल द्रविड़ और अन्य भारतीय क्रिकेटरों के बीच रहने से मुझे काफी आत्मविश्वास मिला, जिसे मैंने इस सीजन में भी बनाए रखने की कोशिश की है।”

तुषार रहेजा का फोकस सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट पर

रहेजा की आईपीएल में खेलने की बड़ी महत्वाकांक्षा है, लेकिन वह अभी बहुत आगे के बारे में सोचने से बचना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “मैं अपना ध्यान सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट पर केंद्रित करना चाहता हूं, जो मुझे एक कदम और करीब ले जाएगा। मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन जाहिर है, इंसानी फितरत है कि मन फिर भी बार-बार इसके बारे में सोचने लगता है। अगर मैं कहूं कि मैंने इसके बारे में बिल्कुल नहीं सोचा है, तो यह सच नहीं होगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here