नई दिल्ली: एशिया कप 2025 का आगाज़ 9 सितंबर से दुबई में होगा, जिसके लिए भारतीय टीम का ऐलान 19 अगस्त यानी मंगलवार को किया जाएगा। इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद अब टीम इंडिया का फोकस एशिया कप खिताब जीतने पर है। इस बार टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम मैदान में उतरेगी और उम्मीद की जा रही है कि वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और रणनीतिक सोच से टीम को बेहतरीन प्रदर्शन दिलाएंगे।
यशस्वी जायसवाल और कुलदीप यादव टीम से बाहर
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया की आधिकारिक घोषणा से पहले विजडन ने अपनी पसंदीदा भारतीय टीम का चयन किया है। इस चयन में सबसे बड़ा सरप्राइज यह रहा कि विजडन ने ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और स्पिनर कुलदीप यादव को जगह नहीं दी। ओपनिंग स्लॉट के लिए विजडन ने अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल और संजू सैमसन को चुना है। वहीं, विकेटकीपिंग विभाग को मजबूत बनाने के लिए बैकअप विकल्प के रूप में जितेश शर्मा को शामिल किया गया है। विजडन का यह चयन आगामी टूर्नामेंट के लिए चर्चा का विषय बन गया है।
विजडन की संभावित भारतीय टीम में रिंकू सिंह को भी जगह मिली है, जबकि ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर को शामिल किया गया है। टीम संयोजन को संतुलित करने के लिए विजडन ने शिवम दुबे या नितीश कुमार रेड्डी में से किसी एक को चुनने का सुझाव दिया है। तेज गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह को जगह दी गई है, लेकिन उनके चयन को फिटनेस पर निर्भर बताया गया है। वहीं, मोहम्मद सिराज या प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को स्क्वाड में रखने की बात कही गई है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव को बाहर कर वरुण चक्रवर्ती को शामिल करना चयन का अहम फैसला माना जा रहा है।
विजडन ने चुनी भारतीय टीम, कई चौंकाने वाले फैसले
अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, रिंकू सिंह, संजू सैमसन, जितेश शर्मा, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे/नितीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह (यदि फिट हों), अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज/प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती।


