भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन की वार्षिक साधारण सभा में नए सीजन की तैयारियों पर जोर, योगदानकर्ताओं का सम्मान

0

(NST News) भोपाल। भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (BDCA) की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन रविवार को राजधानी के मोटल शिराज में किया गया। इस अवसर पर आगामी क्रिकेट सीजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभा में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लेकर मैदानों की स्थिति, खिलाड़ियों की तैयारी और संचालन से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। सभा की अध्यक्षता बीडीसीए के अध्यक्ष ध्रुवनारायण सिंह ने की। उन्होंने कहा कि आने वाला क्रिकेट सीजन खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर लेकर आएगा। उन्होंने सभी सदस्यों को संचालन से जुड़ी जानकारी साझा की और निर्देश दिए कि मैदानों और पिचों को पूरी तरह तैयार किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में विशेष रूप से युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। इसके लिए आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं का आयोजन करने का निर्णय लिया गया, जिससे नई प्रतिभाओं को मंच मिल सके। साथ ही अभ्यास सत्रों के लिए समय पर मैदान उपलब्ध कराने और खिलाड़ियों की सुविधाओं को और मजबूत करने पर सहमति बनी। वार्षिक साधारण सभा में मैदानों के रखरखाव, सुविधाओं के उन्नयन और आयोजन की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ध्रुवनारायण सिंह ने कहा कि बीडीसीए का उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिताओं का आयोजन करना ही नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद करना भी है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस सीजन में भोपाल संभाग से कई खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

इस मौके पर बीडीसीए के चेयरमैन सैयद साजिद अली, सचिव शांति कुमार जैन, उपाध्यक्ष डॉ. सुशील सिंह ठाकुर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन से जुड़े कुछ प्रमुख सदस्यों को उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। वार्षिक साधारण सभा में मौजूद सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और सदस्यों ने संकल्प लिया कि क्रिकेट को संभाग में और लोकप्रिय बनाया जाएगा और खिलाड़ियों के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here