अखाड़ा ट्रेनिंग स्कूल में राष्ट्रीय पहलवान विराज बाथम का स्वागत, ओपन जिम का शुभारंभ, युवा खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा

0

– संयुक्त संचालक खेल और युवा कल्याण विभाग बालू सिंह यादव ने किया उद्घाटन

(NST News) भोपाल। राजधानी के अखाड़ा ट्रेनिंग स्कूल में रविवार को एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था नागपुर (महाराष्ट्र) में होने वाली वर्ष 2025 की अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अखाड़े के युवा पहलवान विराज बाथम का स्वागत करना। इस मौके पर मध्यप्रदेश शासन के खेल विभाग द्वारा स्कूल को प्रदान की गई ओपन जिम का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त संचालक, खेल और युवा कल्याण विभाग, बालू सिंह यादव उपस्थित रहे। उन्होंने अखाड़ा ट्रेनिंग स्कूल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां का माहौल और प्रशिक्षण देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि इसे कुश्ती खेल की नर्सरी कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि परंपरागत दंगल की संस्कृति आज भी भोपाल में जीवित है और नई पीढ़ी के पहलवान इसे आगे बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद लाइका रफीक़ कुरैशी, पूर्व पार्षद रफीक़ कुरैशी, भोपाल ज़िला कुश्ती संघ के अध्यक्ष क़मर साक़िब, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव सक्सेना और भेल स्पोर्ट्स क्लब के सचिव आर.एस. कठेत भी मंच पर मौजूद रहे। अखाड़ा ट्रेनिंग स्कूल के अध्यक्ष हाजी इलियास पहलवान, सचिव नफीस कुरैशी और संचालक व विश्वामित्र अवार्डी शाकिर नूर ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कोच विक्रम अवार्डी फातिमा बानो, राष्ट्रीय कोच अब्दुल उमेर, वरिष्ठ प्रशिक्षक लालू उस्ताद, शिवानंद बाथम, मोहम्मद कलीम, भरत पांडे, गेंदा पहलवान, जीवन सिंह यादव, साजिद पहलवान, सिकंदर पहलवान और अशरफ सहित कई अनुभवी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ओपन जिम के शुभारंभ को लेकर खिलाड़ियों और कोचों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि इस जिम से खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। पारंपरिक अखाड़े और आधुनिक जिम के मेल से युवा पहलवान और भी बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे।

मुख्य अतिथि बालू सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अखाड़ा ट्रेनिंग स्कूल जैसे संस्थान कुश्ती को सिर्फ खेल ही नहीं, बल्कि संस्कार और अनुशासन की शिक्षा भी देते हैं। यहां आकर हमेशा गर्व और खुशी होती है। राज्य सरकार की ओर से जो सुविधाएं दी जा रही हैं, वे खिलाड़ियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाएंगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सभी उपस्थित अतिथियों ने यह संकल्प लिया कि अखाड़ा ट्रेनिंग स्कूल की परंपरा को और आगे बढ़ाया जाएगा और भोपाल से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान तैयार किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here