जैनिक सिनर ने 25वीं लगातार जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई, फेलिक्स को 6-0, 6-2 से हराया

0

सिनसिनाटी. सिनसिनाटी ओपन में वर्ल्ड नंबर-1 जैनिक सिनर का शानदार प्रदर्शन जारी है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को सिर्फ 71 मिनट में 6-0, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। यह उनकी लगातार 25वीं हार्डकोर्ट जीत है और इस टूर्नामेंट में लगातार आठवीं जीत। पहले सेट में सिनर ने आक्रामक शुरुआत की और फेलिक्स को कोई मौका नहीं दिया। फेलिक्स ने केवल 28 मिनट में पहला सेट गंवा दिया, जिसमें आखिरी गेम में उन्होंने तीन डबल फॉल्ट किए। दूसरे सेट की शुरुआत में सिनर ने अपनी सर्विस गंवा दी, लेकिन तुरंत वापसी करते हुए स्कोर 2-2 पर ला दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार दबाव बनाए रखा और मैच प्वाइंट पर फेलिक्स की आठवीं डबल फॉल्ट का फायदा उठाकर जीत पक्की कर ली।

मैच के बाद सिनर ने कहा कि मैं कोर्ट पर बहुत अच्छा महसूस कर रहा था, यह सभी ने देखा। दूसरे सेट में थोड़ा डिप आया, लेकिन मैंने सर्विस गेम पर ध्यान रखा और वापसी की। फेलिक्स अच्छा मूव करता है और उसकी सर्विस खतरनाक होती है, लेकिन मैं खुश हूं कि मैंने सही समय पर वापसी की। यह जीत सिनर के लिए खास रही क्योंकि यह उनकी इस सीजन की 30वीं जीत भी है। अब सेमीफाइनल में वे फ्रांस के क्वालिफायर टेरेन्स एटमाने या डेनमार्क के सातवें वरीय खिलाड़ी होल्गर रूने से भिड़ेंगे।

दूसरी ओर, अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन ने भी शानदार खेल दिखाया। उन्होंने चेक रिपब्लिक के जिरी लेहका को 6-4, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। शेल्टन ने मैच का अंत लगातार दो ऐस लगाकर किया और कहा कि मैं अच्छी लय में हूं, शरीर फिट है और मुझे जीत की भूख है। शेल्टन का सामना अब तीसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा। ज्वेरेव इस सीजन में शेल्टन को तीन बार हरा चुके हैं और दोनों का पिछला मुकाबला भी यहीं क्वार्टर फाइनल में हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here