नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम ने रोमांचक जीत दर्ज की थी और इस ऐतिहासिक पल को अब एक साल से भी ज्यादा समय गुजर चुका है। इसी बीच भारत के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने उस मैच को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। दरअसल, फाइनल मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने डेविड मिलर का बाउंड्री लाइन पर शानदार कैच लपका था, जिसे मैच का टर्निंग पॉइंट माना गया। रायुडू का दावा है कि उस समय बाउंड्री की पोजिशन बदली गई थी, और अब यह बयान क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस कैच को लेकर अंबाती रायुडू ने सनसनीखेज दावा किया है कि फाइनल मुकाबले में बाउंड्री लाइन खिसकाई गई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान रायुडू ने बताया कि इनिंग ब्रेक के समय वर्ल्ड फीड टीम ने प्रसारण के लिए बाउंड्री लाइन के पास कुर्सी और स्क्रीन लगा दी थी। इस दौरान जगह बनाने के लिए बाउंड्री रोप को थोड़ा पीछे धकेला गया और जब कुर्सी व स्क्रीन हटाई गईं, तब भी बाउंड्री को उसकी मूल स्थिति पर वापस नहीं रखा गया। रायुडू का मानना है कि यही वजह थी कि सूर्यकुमार यादव ने मिलर का कैच बाउंड्री के बेहद करीब पकड़ लिया, जो मैच का निर्णायक पल साबित हुआ।
अंबाती रायुडू ने तोड़ी चुप्पी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रायुडू ने कहा, “हुआ ये था कि वर्ल्ड फीड कमेंटेटर्स के लिए इनिंग ब्रेक के दौरान वहां चेयर और उसके ऊपर स्क्रीन लगाई गई थी, ताकि ब्रॉडकास्टर्स को मैच की झलक दिखाई जा सके। इसके लिए बाउंड्री रोप को थोड़ा पीछे कर दिया गया और बाद में उसे अपनी मूल स्थिति पर नहीं लाया गया। उसी जगह पर सूर्यकुमार यादव ने कैच पकड़ा। ऊपर से हमें साफ दिख नहीं रहा था कि गेंद छक्का है या कैच। अगर रोप अपनी असली जगह पर होता तो शायद सूर्या को अंदर से दौड़कर कैच लेना पड़ता। भगवान हमारे साथ था और हम बहुत खुश थे। बाद में जब कैच को ध्यान से देखा, तभी यह बात नोटिस हुई।”
सूर्यकुमार यादव के कैच ने बदला खेल का पास
सूर्यकुमार यादव का यह कैच फाइनल मुकाबले का सबसे अहम पल साबित हुआ। साउथ अफ्रीका को जीत के लिए आखिरी ओवर में 6 गेंदों पर 16 रन चाहिए थे और हार्दिक पंड्या गेंदबाजी कर रहे थे। उनकी वाइड फुलटॉस गेंद पर डेविड मिलर ने लॉन्ग ऑफ की दिशा में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री लाइन पर हवा में उछलकर बेहतरीन कैच लपक लिया। इस निर्णायक कैच ने मैच का रुख पलट दिया और टीम इंडिया ने 7 रन से जीत दर्ज करते हुए दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।


