नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका को करारा झटका लगा है। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। रबाडा के दाहिने टखने में सूजन की समस्या पाई गई है।
स्कैन में खुला रबाडा की चोट का राज़
30 वर्षीय रबाडा का सोमवार (18 अगस्त) को स्कैन कराया गया, जिसमें उनकी चोट की गंभीरता सामने आई। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने बयान जारी करते हुए कहा, “प्रोटियाज पुरुष टीम के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा दाएं टखने में सूजन के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (वनडे) सीरीज से बाहर हो गए हैं।”
चोटिल रबाडा ऑस्ट्रेलिया में रहेंगे, करेंगे रिहैब
क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने आगे बताया कि रबाडा ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगे और टीम के मेडिकल स्टाफ की देखरेख में रिहैबिलिटेशन से गुजरेंगे। सीरीज का पहला वनडे मंगलवार, 19 अगस्त को कैजलिस स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत दोपहर 1:30 बजे (स्थानीय समय) से होगी।
साउथ अफ्रीका ने उतारी नई तिकड़ी
पहले वनडे के लिए साउथ अफ्रीका ने लुंगी एनगिडी, नांद्रे बर्गर और वियान मुल्डर की तेज गेंदबाजी तिकड़ी को चुना है। वहीं, युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस (जिन्हें ‘बेबी एबी’ कहा जाता है) को वनडे डेब्यू का मौका मिला है।
ऑस्ट्रेलिया का फैसला
मिचेल मार्श की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद सीरीज के शेष दो मुकाबले 22 और 24 अगस्त को मैके में खेले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन
ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, कैमरन ग्रीन, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), एलेक्स केरी, आरोन हार्डी, बेन द्वारशुइस, नाथन एलिस, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन
एडेन मार्कराम, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, वियान मुल्डर, केशव महाराज, प्रेनेलन सुब्रायन, नांद्रे बर्गर, लुंगी एनगिडी।


