नई दिल्ली: घरेलू क्रिकेट में टीम बदलने के बाद पृथ्वी शॉ ने पहले ही मैच में धमाकेदार प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए शॉ ने बुची बाबू टूर्नामेंट के दूसरे दिन मंगलवार (19 अगस्त) को छत्तीसगढ़ के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ा। दाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने मात्र 47 गेंदों में 9 चौकों की मदद से पचासा ठोक दिया। शॉ की इस आक्रामक पारी ने महाराष्ट्र की पारी को मजबूत शुरुआत दी और दर्शकों का खासा मनोरंजन किया।
महाराष्ट्र की पारी की शुरुआत करते हुए पृथ्वी शॉ ने दूसरी ही गेंद पर चौका लगाकर खाता खोला। इसके बाद उन्होंने दूसरे ओवर की लगातार दो गेंदों पर चौके जड़ दिए। चौथे ओवर में भी शॉ ने लगातार दो चौके लगाकर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए उन्होंने सचिन धास के साथ पहले विकेट के लिए 19.2 ओवर में 71 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि, इस साझेदारी को आगे नहीं बढ़ाया जा सका और सचिन धास 64 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हो गए।
ऋतुराज गायकवाड़ ने गेंदबाजी में भी दिखाया जलवा
छत्तीसगढ़ की टीम पहली पारी में 89.3 ओवर खेलकर 252 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए संजीत देसाई ने शानदार 93 रन की पारी खेली, जबकि अविनाश सिंह धलिवाल ने 52 और शुभम अग्रवाल ने 41 रन का योगदान दिया। महाराष्ट्र की ओर से विक्की ओस्टवाल और हितेश वालुंज सबसे सफल गेंदबाज रहे, दोनों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। वहीं कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को भी एक सफलता मिली। उन्होंने सौरभ मजूमदार को मात्र 7 रन पर पवेलियन भेजा।
महाराष्ट्र की प्लेइंग 11
अंकित बवाने, ऋतुराज गायकवाड़, पृथ्वी शॉ, सिद्धेश वीर, सचिन धास, सिद्धार्थ म्हात्रे, सौरभ नवाले, विक्की ओस्टवाल, हितेष वालुंज, रामकृष्ण घोष, राजवर्धन हंगरगेकर।
छत्तीसगढ़ की प्लेइंग 11
आयुष पांडे, ऋषि शर्मा, अविनाष सिंह धलिवाल, संजीत देसाई, अमनदीप खरे, शशांक चंद्राकर, शुभम अग्रवाल, मंगक यादव, शशांक तिवारी, वरुण सिंह भुई, सौरभ मजूमदार।


