भोपाल में 22 से 26 अगस्त तक होगी 15वीं पैरा एथेलेटिक्स चैम्पियनशिप, 300 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

0

(NST News) भोपाल। मध्यप्रदेश पैरास्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आगामी 15वीं पैरा एथेलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन 22 से 26 अगस्त 2025 तक राजधानी के CTT नगर स्टेडियम में किया जाएगा। इस संबंध में आज 19 अगस्त को डीबी मॉल स्थित नाइन मसाला रेस्टोरेंट में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस चैम्पियनशिप में केवल मध्यप्रदेश के पैरा एथलीट्स हिस्सा लेंगे। आयोजन का उद्देश्य राज्य स्तर पर खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करना है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए मध्यप्रदेश स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन और सामाजिक न्याय विभाग का विशेष सहयोग मिल रहा है। इसके अलावा कई संस्थान और अस्पताल भी इस आयोजन से जुड़े हैं, जिनमें जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल, नीलबड़ हॉस्पिटल, लक्ष्मी हॉस्पिटल (लोधी बिल्डर), ग्रीन पैराडाइज़ और SEMS सर्जिकल प्रमुख हैं।

एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विवेक सिंह परिहार ने जानकारी दी कि चैम्पियनशिप के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के लिए उचित आवास, भोजन, परिवहन और चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इस बार चैम्पियनशिप में प्रदेश के सभी जिलों से करीब 300 खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान ट्रैक एंड फील्ड की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

डॉ. परिहार ने कहा कि पैरा एथलीट्स समाज में संघर्ष और संकल्प की मिसाल हैं। उनके खेलों को पहचान दिलाना और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाना एसोसिएशन की जिम्मेदारी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here