अमेरिका: दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर के अस्वस्थ होने के कारण पहले सेट में ही रिटायर होने के बाद कार्लोस अल्काराज ने सिनसिनाटी ओपन का खिताब अपने नाम किया। यह दोनों खिलाड़ी इस साल चौथी बार और विंबलडन के बाद पहली बार किसी फाइनल में आमने-सामने थे। हालांकि, सिनर की शुरुआत बेहद खराब रही और वह लगातार गलतियां करते हुए पहले सेट में 0-5 से पिछड़ गए। ब्रेक के दौरान उनके सिर पर आइस पैक लगाया गया और महज़ 22 मिनट का खेल होने के बाद ही उन्होंने मुकाबला छोड़ने का फैसला किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सिनर ने मैच के बाद कहा, “मुझे कुछ खास अच्छा महसूस नहीं हो रहा था। मैंने सोचा था कि रातभर में स्थिति में सुधार हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मैं सिर्फ दर्शकों के लिए कोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था, मगर मेरे लिए खेल जारी रखना बेहद मुश्किल हो गया।” सिनसिनाटी ओपन के इतिहास में यह केवल तीसरा मौका था जब किसी खिलाड़ी के हटने के कारण पुरुष वर्ग का फाइनल पूरा नहीं हो सका। इससे पहले 2011 में नोवाक जोकोविच ने कंधे की चोट की वजह से दूसरे सेट में मुकाबला छोड़ दिया था। इसी हार के साथ सिनर का हार्ड कोर्ट पर लगातार 26 मैच जीतने का सिलसिला भी समाप्त हो गया।
इगा स्वियातेक का दबदबा, सिनसिनाटी ओपन फाइनल में जैस्मीन पाओलिनी को हराया
विश्व की तीसरे नंबर की खिलाड़ी इगा स्वियातेक ने सातवें नंबर की जैस्मीन पाओलिनी को 7-5, 6-4 से हराते हुए पहली बार सिनसिनाटी ओपन का खिताब अपने नाम किया। स्वियातेक के लिए यह जीत खास रही क्योंकि वह इससे पहले इस टूर्नामेंट में कभी सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई थीं। पिछले दो वर्षों में भी वह सिनसिनाटी में सेमीफाइनल तक पहुंची थीं, लेकिन 2023 में कोको गॉफ और 2024 में एरीना सबालेंका से हारकर बाहर हो गई थीं। इस बार उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का एक और अहम खिताब जीत लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के बाद स्वियातेक ने कहा, “यह खिताब मेरे लिए बहुत मायने रखता है। इस साल के लिए मैंने जो लक्ष्य तय किए थे, उनमें यहां जीत हासिल करना भी शामिल था। अमेरिकी ओपन से पहले यहां खिताब जीतकर बेहद अच्छा लग रहा है।” स्वियातेक का पाओलिनी के खिलाफ यह लगातार छठा जीत था, जिसमें उन्होंने केवल एक ही सेट गंवाया है। फाइनल में पाओलिनी ने पहला सेट 3-0 की बढ़त के साथ दमदार शुरुआत की थी, लेकिन स्वियातेक ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 5-3 कर दिया। पाओलिनी ने सर्विस ब्रेक कर 5-5 की बराबरी जरूर की, लेकिन स्वियातेक ने 56 मिनट में पहला सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में स्वियातेक के आठवें ऐस ने उन्हें 5-3 की बढ़त दिलाई। हालांकि पाओलिनी ने इस सेट में दो बार सर्विस ब्रेक किया, लेकिन स्वियातेक ने दबदबा बनाए रखते हुए मैच जीत लिया और अपने करियर का 24वां एकल खिताब हासिल किया।


